फूलों की बारिश ने बढ़ाया शिवभक्तों का उत्साह
कांवड़ यात्री बोले—योगी ने फूल नहीं, हमारी आस्था और तपस्या पर बरसाया सम्मान
बोले—ऐसा स्वागत जिंदगी भर रहेगा याद
मेरठ। तपती सड़क, पैरों में छाले और सैकड़ों किलोमीटर की पैदल यात्रा... भगवान शिव के प्रति आस्था में लीन कांवड़ियों के लिए शनिवार का दिन उस समय यादगार बन गया, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ की धरती पर उनका पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया। आसमान से बरसते फूलों को देखकर कांवड़िए भावविभोर हो उठे। किसी ने हाथ जोड़कर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया तो किसी ने ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ खुशी जताई। हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा ने कांवड़ियों के उत्साह में जैसे नई ऊर्जा भर दी।
जैसे ही हेलीकॉप्टर से फूलों की वर्षा शुरू हुई, सड़क पर चल रहे कांवड़ियों ने जयघोष करते हुए हाथ ऊपर उठा दिए। देखते ही देखते पूरा वातावरण शिवमय हो गया। कांवड़ियों के चेहरों पर यात्रा की थकान की जगह उत्साह और गर्व नजर आने लगा।
फूल नहीं, हमारी आस्था पर बरसा सम्मान
हरिद्वार से गंगाजल लेकर फरीदाबाद जा रहे शिवभक्त राहुल ने कहा कि मुख्यमंत्री का कांवड़ियों के बीच आकर उनका सम्मान करना गौरव की बात है। उन्होंने कहा, “योगी जी ने हम पर सिर्फ फूल नहीं बरसाए, बल्कि हमारी आस्था, तपस्या और भक्ति का सम्मान किया है। यह पल जिंदगीभर याद रहेगा।”
रास्ते की थकान पलभर में उतर गई
दिल्ली निवासी रोहित ने बताया कि कई दिनों से पैदल चलने के कारण शरीर थक गया था। गर्मी और भीड़ के बीच यात्रा करना आसान नहीं है, लेकिन जब हेलीकॉप्टर से फूल बरसे और सामने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिखाई दिए तो सारी थकान जैसे गायब हो गई।
शिवभक्तों ने कहा, “बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए निकले थे। मेरठ में योगी जी ने जिस तरह हमारा स्वागत किया, वह किसी आशीर्वाद से कम नहीं है।”
योगी की व्यवस्थाओं ने जीता दिल
गाजियाबाद के मुकुल ने कहा कि मुख्यमंत्री जिस तरह पूरी यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं, उससे उन्हें महसूस होता है कि सरकार कांवड़ यात्रा को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री खुद कांवड़ मार्ग का जायजा ले रहे हैं। हमारे ऊपर फूल बरसाकर उन्होंने यह संदेश दिया है कि कांवड़िया सरकार के लिए सिर्फ यात्री नहीं, बल्कि भगवान शिव के भक्त और अतिथि हैं। सच में योगी जी ने दिल जीत लिया।”
घर जाकर बताएंगे मेरठ के भव्य स्वागत की कहानी
दिल्ली निवासी अनुज ने कहा कि वे घर पहुंचकर मेरठ में हुए स्वागत की कहानी जरूर सुनाएंगे। उन्होंने कहा, “हम गंगाजल लेकर अपने शहर जा रहे हैं, लेकिन मेरठ की यह याद भी अपने साथ लेकर जाएंगे। हेलीकॉप्टर से फूल बरसते देखना और मुख्यमंत्री को कांवड़ियों का स्वागत करते देखना कभी नहीं भूलेंगे।”
ऐसे लगा जैसे भोलेनाथ का आशीर्वाद मिला
बुलंदशहर से कांवड़ लेकर पहुंचीं लक्ष्मी ने पुष्पवर्षा को बेहद भावुक कर देने वाला क्षण बताया। उन्होंने कहा कि भगवान शिव के प्रति आस्था लेकर निकले शिवभक्तों पर फूल बरसते देख मन प्रसन्न हो गया। मुख्यमंत्री की ओर से मिला यह सम्मान उनके लिए खुशी और गर्व का विषय है।
विजया और जयंती भी हुईं भावुक
हापुड़ से आईं विजया और जयंती ने कहा कि कांवड़ यात्रा में शिवभक्ति के साथ ऐसा सम्मान मिलना बेहद सुखद अनुभव है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा के दौरान, खासकर महिला कांवड़ियों के लिए अच्छी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। दोनों ने कहा कि मेरठ में मिला यह स्वागत उनकी यादों में हमेशा बना रहेगा।
पुष्पवर्षा के बाद कांवड़ियों में खासा उत्साह नजर आया। फूलों से सजे मार्ग पर शिवभक्त अपने गंतव्य की ओर बढ़ते रहे। किसी के हाथ में तिरंगा था तो कोई भगवा ध्वज लहराते हुए आगे बढ़ रहा था। आसमान से बरसते फूल और सड़क पर गूंजता ‘हर-हर महादेव’ का जयघोष कांवड़ यात्रा के इस पड़ाव को खास बना रहा था। कांवड़ियों ने कहा कि मुख्यमंत्री के सम्मान ने उन्हें नई ऊर्जा दी है और अब वे और उत्साह के साथ बाबा भोलेनाथ को गंगाजल अर्पित करने की ओर बढ़ रहे हैं।
झलकियां
एक दिन पहले ही रुक गए दूसरे राज्यों के कांवड़िए
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन की सूचना मिलते ही दूसरे राज्यों से आए कांवड़िए शुक्रवार रात से ही कार्यक्रम स्थल के पास बने शिविरों में रुक गए थे। हर कोई मुख्यमंत्री की एक झलक देखने को आतुर था। जैसे ही योगी आदित्यनाथ मंच पर पहुंचे, कांवड़ियों का उत्साह दोगुना हो गया।
20 मिनट तक हुई पुष्पवर्षा
कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा करने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 20 मिनट तक पुष्पवर्षा की। इस दौरान वह अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ मंच पर मौजूद रहे। वहीं, आसमान से हेलीकॉप्टर के जरिए कांवड़ पथ पर भी पुष्पवर्षा की गई।
योगी को देखते ही डीजे पर बदल गए गाने
कांवड़ पथ से बड़ी संख्या में डीजे वाली बड़ी कांवड़ गुजर रही थीं। जैसे ही कोई बड़ी कांवड़ मंच के सामने पहुंचती, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को देखकर शिवभक्तों का उत्साह बढ़ जाता। डीजे पर बज रहे गानों की धुन भी बदल जाती। कई कांवड़िए योगी के स्वागत और उनके प्रति उत्साह व्यक्त करने वाले गीत बजाते नजर आए।
सिविल ड्रेस में तैनात रहे पुलिसकर्मी
पुष्पवर्षा के दौरान हजारों की संख्या में शिवभक्त नेशनल हाईवे के दोनों ओर मौजूद रहे। एक तरफ यातायात का संचालन हो रहा था तो दूसरी तरफ कांवड़िए मंच के सामने से गुजर रहे थे। व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी कांवड़ियों के भेष में सिविल ड्रेस में भी तैनात रहे।
मुख्यमंत्री ने बढ़ाया कांवड़ियों का उत्साह
मंच के सामने से गुजरने वाला हर कांवड़िया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एक झलक पाना चाहता था। इस दौरान बड़ी कांवड़ भी मंच के सामने से गुजर रही थीं। यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए मुख्यमंत्री भी शिवभक्तों की भावनाओं को समझते हुए उनका उत्साह बढ़ाते और आगे बढ़ने का संकेत देते रहे। इसके बाद कांवड़िए उत्साह के साथ अपने गंतव्य की ओर बढ़ जाते।
सीएम योगी ने निभाया गठबंधन धर्म
पुष्पवर्षा के दौरान भाजपा के जनप्रतिनिधियों के साथ एनडीए के घटक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के साथ बारी-बारी से सत्ताधारी दलों के जनप्रतिनिधि भी पुष्पवर्षा करते रहे। इसी दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नजर रालोद के बिजनौर सांसद चंदन चौहान और बागपत सांसद राजकुमार सांगवान पर पड़ी। उन्होंने दोनों सांसदों को अपने पास बुलाकर साथ में पुष्पवर्षा कराई।


No comments:
Post a Comment