कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न कराने में पश्चिमांचल डिस्कॉम की अहम भूमिका

मेरठ, 12 अगस्त। पावन कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न कराने में पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कांवड़ यात्रा के दौरान पश्चिमांचल डिस्कॉम का पूरा विद्युत तंत्र अलर्ट मोड पर रहा। कांवड़ मार्गों, प्रमुख मंदिरों और शिवालयों के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के साथ विद्युत सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) के निर्देशन में पश्चिमांचल डिस्कॉम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 24 घंटे विद्युत व्यवस्था की निगरानी की। कांवड़ मार्गों पर चप्पे-चप्पे पर विद्युत कर्मियों की तैनाती के साथ नियमित पेट्रोलिंग की गई।

कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले प्रमुख मार्गों का विशेष निरीक्षण कर विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर और अन्य विद्युत परिसंपत्तियों की जांच की गई। ढीले तार, झुके या क्षतिग्रस्त पोल तथा अन्य संभावित खतरों को समय रहते दुरुस्त किया गया।

पश्चिमांचल डिस्कॉम के अनुसार, लीकेज करंट से बचाव के लिए 70,451 पोलों पर पिन्नी और 3,157 पोलों पर पीवीसी पाइप लगाए गए। इसके अलावा 4,410 ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग, 4,065 लाइन सैगिंग, 2,749 लाइन गार्डिंग तथा 1,699 झुके या क्षतिग्रस्त पोलों को बदलने का काम किया गया। विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित रखने के लिए 4,219 जम्परों को टाइट किया गया।

यात्रा के दौरान आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष रैपिड रिस्पॉन्स टीमें सक्रिय रहीं। ये टीमें दिन-रात विभिन्न क्षेत्रों में पेट्रोलिंग कर विद्युत व्यवस्था पर नजर रखती रहीं। किसी भी संभावित विद्युत व्यवधान की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट रखा गया।

डिस्कॉम मुख्यालय स्थित ऊर्जा भवन के कंट्रोल रूम से कांवड़ मार्गों और प्रमुख धार्मिक स्थलों की विद्युत आपूर्ति की लगातार मॉनिटरिंग की गई। किसी क्षेत्र से विद्युत आपूर्ति बाधित होने की सूचना मिलते ही संबंधित टीमों को मौके पर भेजकर जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने की व्यवस्था की गई।

प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना पश्चिमांचल डिस्कॉम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में रहा। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया और कांवड़ यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए विद्युत व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts