एचआईवी जागरूकता को लेकर स्वास्थ्य शिविर और रैली
मेरठ। एचआईवी/एड्स सघन जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को पीएल शर्मा जिला चिकित्सालय में विशेष स्वास्थ्य शिविर, जागरूकता रैली और लोक कला कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रसाद ने रेड रिबन काटकर किया।
शिविर में लोगों को एचआईवी की निःशुल्क एवं गोपनीय जांच, उपचार और परामर्श सेवाओं की जानकारी दी गई। जिला क्षय रोग अधिकारी एवं जिला HIV/एड्स नोडल अधिकारी डॉ. विपुल कुमार ने लोगों से i-SCAN QR कोड के माध्यम से Self-Risk Assessment करने की अपील की। उन्होंने बताया कि इसके माध्यम से व्यक्ति अपने HIV जोखिम का आकलन कर सकता है और आवश्यकता होने पर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर जांच के लिए मार्गदर्शन प्राप्त कर सकता है।
इसके बाद विभिन्न विद्यालयों और एएनएम प्रशिक्षण केंद्र की छात्राओं व प्रशिक्षणार्थियों ने जागरूकता रैली निकाली। डॉ. राम प्रसाद ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में HIV/एड्स की रोकथाम, समय पर जांच एवं उपचार तथा संक्रमित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव न करने का संदेश दिया गया।
सीएमओ डॉ. राम प्रसाद ने कहा कि HIV की समय पर जांच और उपचार से व्यक्ति स्वस्थ एवं सामान्य जीवन व्यतीत कर सकता है। उन्होंने लोगों से HIV से संबंधित किसी भी आशंका पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में निःशुल्क एवं गोपनीय जांच कराने की अपील की।
लोक कला कार्यक्रम में जादूगर ने मनोरंजक प्रस्तुति के माध्यम से HIV/एड्स से बचाव, जांच, उपचार और सुरक्षित व्यवहार के प्रति लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, NACP स्टाफ, प्रशिक्षणार्थियों, छात्र-छात्राओं एवं संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहयोग किया।


No comments:
Post a Comment