पत्नी पर सोते समय पति पर चाकू से हमला करने का आरोप, प्रेमी संग फरार

पति का दावा- पहले भी प्रेमी के साथ गई थी घर छोड़कर, माफी मांगने पर दोबारा घर लाया; एसएसपी से सुरक्षा की गुहार

मेरठ। इंचोली थाना क्षेत्र में एक ट्रक चालक ने अपनी पत्नी पर सोते समय चाकू से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का दावा है कि पत्नी पहले भी कथित रूप से अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर जा चुकी थी और माफी मांगने के बाद वह उसे दोबारा घर ले आया था। आरोप है कि इस बार घर लौटने के करीब 36 घंटे बाद ही महिला ने उस पर चाकू से हमला कर दिया और फिर कथित प्रेमी के साथ फरार हो गई।

श्यामपुर गांव निवासी योगेंद्र सिंह ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर खुद और अपने बच्चों की सुरक्षा की गुहार लगाई है। उसने पत्नी और उसके कथित प्रेमी से जान का खतरा बताते हुए दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

22 साल पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ की थी शादी

योगेंद्र के मुताबिक, करीब 22 साल पहले उसने परिवार की इच्छा के खिलाफ बरेली के नवाबगंज निवासी सोनी उर्फ अनीता से मंदिर में शादी की थी। करीब 10 साल तक वैवाहिक जीवन सामान्य रहा। दंपती के दो बच्चे भी हैं।

आरोप है कि बाद में पत्नी का व्यवहार बदल गया और वह बिना बताए मायके चली जाती थी। इसी दौरान सोशल मीडिया पर सक्रियता बढ़ने के बाद उसकी कथित तौर पर एक युवक से दोस्ती हो गई।

2023 में प्रेमी के साथ जाने का आरोप

योगेंद्र का आरोप है कि वर्ष 2023 में पत्नी की सोशल मीडिया के जरिए 24 वर्षीय ट्रक चालक रोहित यादव से दोस्ती हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। योगेंद्र के अनुसार, एक दिन पत्नी दो भैंसें बेचने के बाद जेवर और नकदी लेकर रोहित के साथ चली गई। पुलिस ने करीब चार दिन बाद महिला को दिल्ली से बरामद किया, जबकि रोहित कथित तौर पर नकदी और जेवर लेकर फरार हो गया।

योगेंद्र का कहना है कि थाने में पत्नी ने रोते हुए अपनी गलती स्वीकार की और दोबारा ऐसा नहीं करने का भरोसा दिया। बच्चों के भविष्य को देखते हुए उसने उसे माफ कर दिया और वापस घर ले आया।

जुलाई में फिर घर छोड़ने का आरोप

पीड़ित के मुताबिक, ट्रक चलाने के कारण वह अक्सर बाहर रहता है। 6 जुलाई को वह करनाल गया था। इसी दौरान पत्नी दोबारा घर से चली गई। सूचना मिलने पर उसने इंचोली थाने में जानकारी दी और बच्चों को लेकर मुरादनगर में अपनी बहन के घर रहने लगा।

योगेंद्र के अनुसार, 19 अगस्त को पत्नी वापस आई और रोते हुए माफी मांगते हुए दोबारा गलती न करने का भरोसा दिया। बच्चों के भविष्य को देखते हुए उसने फिर उसे घर में रख लिया।

अपहरण का शोर मचाने का भी आरोप

योगेंद्र का आरोप है कि इसके बाद पत्नी ने उसकी बहन के घर रहते हुए खुद के अपहरण का शोर मचा दिया और 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस उसकी बहन और अन्य लोगों को थाने ले गई। बाद में योगेंद्र ने पुलिस को पूरी घटना बताई और जांच के बाद उसकी बहन व अन्य लोगों को छोड़ दिया गया। महिला को पुलिस ने पकड़ लिया।

योगेंद्र का दावा है कि इसके बाद भी पत्नी ने उससे माफी मांगी और उसने एक बार फिर उसे घर ले जाने का फैसला किया।

36 घंटे बाद चाकू से हमला करने का आरोप

पीड़ित के मुताबिक, पत्नी घर में करीब 36 घंटे ही रही। एक रात वह थककर सो गया। आरोप है कि इसी दौरान पत्नी ने सब्जी काटने वाले चाकू से उस पर हमला कर दिया। योगेंद्र ने विरोध किया तो वह कथित रूप से रोहित के साथ घर से फरार हो गई।

योगेंद्र ने दावा किया कि घर में एक नीला ड्रम भी रखा था और पत्नी पहले उसे जान से मारने तथा ड्रम में बंद करने जैसी धमकी दे चुकी थी। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

एसएसपी कार्यालय पहुंचकर मांगी सुरक्षा

घटना के बाद योगेंद्र एसएसपी कार्यालय पहुंचा और पत्नी तथा उसके कथित प्रेमी से खुद और बच्चों की जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की। उसने दोनों के खिलाफ कार्रवाई की भी गुहार लगाई है।

पुलिस के स्तर पर मामले की जांच की जा रही है। तहरीर, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts