लोकभवन मार्च के बीच पहले हिरासत, फिर रिहा हुए तेजस्वी
- बीजेपी ऑफिस के बाहर आरजेडी कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजीपटना (एजेंसी)।बिहार में पेपर लीक, छात्रों के आंदोलन और बेरोजगारी के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में निकला आरजेडी का राजभवन मार्च पुलिस कार्रवाई के बाद हंगामे में बदल गया। जेपी गोलंबर से शुरू हुए मार्च में तेजस्वी यादव के साथ बड़ी संख्या में आरजेडी नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। डाकबंगला चौराहे पर पुलिस की बैरिकेडिंग पार करने के बाद इनकम टैक्स चौराहे पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद तेजस्वी यादव को हिरासत में लिया गया। हालांकि, बाद में पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया।
तेजस्वी यादव के रिहा होने के बाद आरजेडी की ओर से समर्थकों से राजभवन जाने के बजाय पार्टी कार्यालय जाने की अपील की गई। हालांकि, इनकम टैक्स चौराहे पर आरजेडी समर्थक अब भी डटे हुए हैं। मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई है और पुलिस प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने में जुटी है। आरजेडी के एमएलसी सुनील कुमार सिंह ने जिला प्रशासन से बैरिकेडिंग हटाने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनका मार्च इनकम टैक्स चौराहे तक ही था और अब सभी लोग शांतिपूर्ण तरीके से आरजेडी कार्यालय जाना चाहते हैं।
सुनील कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार डर गई, इसी वजह से तेजस्वी यादव को हिरासत में लिया गया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि आरजेडी नेताओं और कार्यकर्ताओं को शांतिपूर्ण तरीके से पार्टी कार्यालय जाने दिया जाए। उन्होंने कहा, “हम लोगों का मार्च इनकम टैक्स तक ही था। अब पुलिस प्रशासन से आग्रह है कि हम लोगों को शांतिपूर्ण तरीके से आरजेडी दफ्तर जाने दिया जाए।”
बैरिकेडिंग तोड़ने के बाद वाटर कैनन का इस्तेमाल
राजभवन मार्च की शुरुआत पटना के जेपी गोलंबर से हुई थी। मार्च में आरजेडी के सांसद, विधायक, विधान पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने मार्च को रोकने के लिए बैरिकेडिंग कर रखी थी। तेजस्वी यादव अपने समर्थकों के साथ बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ गए।
इसके बाद इनकम टैक्स चौराहे पर पुलिस ने भीड़ को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। कार्रवाई के बाद तेजस्वी यादव को हिरासत में लिया गया। हिरासत में लिए जाने के दौरान उन्होंने कहा कि वह जेल जाने से डरने वाले नहीं हैं। तेजस्वी ने कहा, “हमारे भगवान श्रीकृष्ण का जन्म भी जेल में ही हुआ था।” तेजस्वी यादव ने पुलिस कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधा।
वहीं पुलिस की कार्रवाई के बाद समर्थकों में नाराजगी बढ़ गई। पुलिस ने दोबारा वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, जिसके बाद कुछ प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और इनकम टैक्स चौराहे पर लगाई गई बड़ी बैरिकेडिंग को तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की। मौके पर पुलिस बल तैनात है और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश जारी है।
मुख्यमंत्री की चुप्पी पर तेजस्वी का सवाल
तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि गोलीकांड के मुद्दे पर अब तक चुप्पी क्यों है और न्यायिक जांच का आदेश क्यों नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि सीवान के एसपी का सिर्फ तबादला पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें निलंबित किया जाना चाहिए। तेजस्वी ने यह भी आरोप लगाया कि राजभवन मार्च को रोकने के लिए छात्र नेताओं की गिरफ्तारी की जा रही है। उन्होंने सरकार पर आंदोलन को दबाने के लिए अनुचित तरीके अपनाने का आरोप लगाया। नेता प्रतिपक्ष ने छात्रों, युवाओं और आम लोगों से अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने और राजभवन मार्च में शामिल होने की अपील की।


No comments:
Post a Comment