किशोर कुमार की जयंती पर एमसीयू में सजे सदाबहार नगमे, विद्यार्थियों ने बांधा समां
भोपाल। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (एमसीयू) में महान गायक एवं अभिनेता स्वर्गीय किशोर कुमार की जयंती के अवसर पर आयोजित ‘ये शाम मस्तानी’ कार्यक्रम में उनके सदाबहार गीतों की गूंज सुनाई दी। विश्वविद्यालय और मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अंतर-महाविद्यालयीन संगीत कार्यक्रम में भोपाल स्कूल ऑफ सोशल साइंस (बीएसएसएस) के बैंड ने शानदार संगीतमय प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
विश्वविद्यालय के गणेश शंकर विद्यार्थी सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बैंड ने ‘कोरा कागज था ये मन मेरा’, ‘पल-पल दिल के पास’, ‘इंतहा हो गई’, ‘प्यार हमें किस मोड़ पे ले आया’, ‘ओ मेरे दिल के चैन’, ‘अरे दीवानों मुझे पहचानो’, ‘खइके पान बनारस वाला’, ‘सारा जमाना हसीनों का दीवाना’ सहित कई लोकप्रिय गीत प्रस्तुत किए। प्रस्तुति के दौरान विद्यार्थी और शिक्षक इन सदाबहार गीतों का आनंद लेते हुए झूमते और गुनगुनाते नजर आए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी ने बैंड की प्रस्तुति की सराहना करते हुए किशोर कुमार के बहुआयामी व्यक्तित्व और उनके संगीत योगदान को याद किया। उन्होंने बैंड के सभी सदस्यों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ कुलगुरु श्री विजय मनोहर तिवारी, कुलसचिव डॉ. पी. शशिकला तथा विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्षों ने किया। बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक एवं संगीत प्रेमी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment