हिमाचल-उत्तराखंड को जोड़ने वाला पुराना पुल क्षतिग्रस्त

 देहरादून-चंडीगढ़ हाईवे पर वन-वे ट्रैफिक

पांवटा साहिब। जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में देहरादून-चंडीगढ़ को जोड़ने वाले NH-07 पर बाता नदी पर बना 60 के दशक का पुराना पुल तेज बहाव के कारण क्षतिग्रस्त होकर ढह गया। पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम पांवटा साहिब द्विज गोयल, डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर समेत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। प्रशासन ने लोगों से पुराने पुल के आसपास नहीं जाने तथा नए पुल का इस्तेमाल करने की अपील की है।

एसडीएम के अनुसार, नेपाल और देहरादून की ओर जाने वाले वाहनों को पुराने पुल से, जबकि पांवटा साहिब से नाहन, शिमला और चंडीगढ़ की ओर जाने वाले वाहनों को नए पुल से निकाला जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों दिशाओं का यातायात नियंत्रित तरीके से संचालित किया जा रहा है।

बाता नदी पर बना यह पुल देहरादून, चंडीगढ़, पांवटा साहिब और नेपाल के बीच आवागमन के लिहाज से महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद मौके पर वाहनों की कतारें भी लगीं। पुलिस बल तैनात कर यातायात को नियंत्रित किया जा रहा है।

प्रशासन की ओर से पुल की तकनीकी जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर मरम्मत का काम शुरू किया जाएगा। अधिकारियों ने लोगों से घटनास्थल पर अनावश्यक भीड़ न लगाने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts