NCC अधिकारी डॉ. विजयपाल सांवरिया को इंटरनेशनल आइकॉन अवार्ड-2026

लोकनृत्य और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में योगदान के लिए मिला सम्मान

मेरठ। छावनी परिषद मेरठ द्वारा संचालित सीएबी इंटर कॉलेज के एनसीसी अधिकारी एवं लोक कलाकार डॉ. विजयपाल सांवरिया को उनके उल्लेखनीय सांस्कृतिक योगदान के लिए इंटरनेशनल आइकॉन अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान भारतीय लोक संस्कृति, पारंपरिक लोकनृत्यों के संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए प्रदान किया गया।

मूल रूप से राजस्थान के अलवर जिले के माँचल निवासी डॉ. सांवरिया लंबे समय से लोकनृत्य और भारतीय लोक संस्कृति के प्रचार-प्रसार में सक्रिय हैं। अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से उन्होंने भारतीय लोक कलाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाने का प्रयास किया है। साथ ही युवाओं को अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने की दिशा में भी लगातार कार्य कर रहे हैं।

राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार भी मिल चुका

डॉ. सांवरिया को इससे पहले राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। अब इंटरनेशनल आइकॉन अवार्ड-2026 मिलने से उनके सांस्कृतिक कार्यों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई पहचान मिली है। यह सम्मान अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने और समाज पर सकारात्मक प्रभाव डालने वाले लोगों को प्रदान किया जाता है।

लोककला के संरक्षण के प्रयासों की सराहना

इंटरनेशनल वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की एडिटर बबीता अग्रवाल ने डॉ. विजयपाल सांवरिया को यह सम्मान प्रदान किया। इस दौरान उनके सांस्कृतिक योगदान, लोकनृत्य के संरक्षण और पारंपरिक कलाओं को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की गई।

सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. सांवरिया ने कहा कि यह पुरस्कार केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि भारतीय लोक संस्कृति और उन सभी कलाकारों का सम्मान है, जो अपनी परंपराओं और लोक कलाओं को जीवित रखने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts