10 दिन की छुट्टी पर यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल

पद से हटने की अटकलों ने पकड़ा जोर, राजभवन ने बताया—दमन-दीव के दौरे पर हैं राज्यपाल

लखनऊ, 19 अगस्त। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 17 से 26 अगस्त तक 10 दिन के अवकाश पर हैं। बताया गया है कि उन्होंने अवकाश के लिए राष्ट्रपति से अनुमति ली है। राज्यपाल बनने के बाद पहली बार उनके इतने लंबे अवकाश पर जाने से राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में उनके पद से हटने अथवा नए राज्यपाल की नियुक्ति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

हालांकि, राजभवन की ओर से इन अटकलों को खारिज किया गया है। राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव सुधीर बोवड़े के अनुसार आनंदीबेन पटेल फिलहाल सिलवासा और दमन-दीव के दौरे पर हैं। इस दौरान उनकी वहां के राज्यपाल से मुलाकात भी प्रस्तावित है।

2019 से संभाल रही हैं राज्यपाल का पद

आनंदीबेन पटेल ने 29 जुलाई 2019 को उत्तर प्रदेश के राज्यपाल पद की शपथ ली थी। करीब सात वर्षों से वह इस पद पर हैं। उनके लंबे कार्यकाल और वर्तमान अवकाश को देखते हुए उनके कार्यकाल को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं।

कुछ राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि अवकाश समाप्त होने के बाद वह राजभवन लौटती हैं तो पद परिवर्तन की अटकलों पर विराम लग जाएगा। वहीं, यदि उनके स्थान पर किसी नए राज्यपाल की नियुक्ति होती है तो मौजूदा चर्चाओं को राजनीतिक संदर्भ में देखा जा सकता है।

हाल के बयानों से भी बढ़ी चर्चा

पिछले कुछ समय में राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों की व्यवस्थाओं, छात्रावासों, भोजन और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर कई मौकों पर सख्त टिप्पणियां की हैं। गोरखपुर और कानपुर में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान भी उन्होंने व्यवस्थाओं की समीक्षा और सुधार पर जोर दिया था।

14 अगस्त को बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में उन्होंने विश्वविद्यालयों को लगातार अपग्रेड करने और छात्राओं से जुड़े कार्यक्रमों को बढ़ावा देने की बात कही थी।

यात्राओं को लेकर भी रही चर्चा

हाल के दिनों में राज्यपाल की यात्रा शैली भी चर्चा में रही है। कुछ अवसरों पर उनके ट्रेन से यात्रा करने की जानकारी सामने आई, हालांकि सभी यात्राएं ऐसी नहीं रहीं। 5 अगस्त को गोरखपुर में मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए उनके राजकीय विमान से पहुंचने की आधिकारिक जानकारी भी सामने आई थी।

राज्यपाल के स्वास्थ्य को लेकर भी चर्चाएं हैं और कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया है कि चिकित्सकों ने उन्हें हवाई यात्रा से बचने की सलाह दी थी। हालांकि, राज्यपाल के पद से हटने या कार्यकाल समाप्त होने को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। फिलहाल राजभवन के अनुसार वह अवकाश के दौरान दमन-दीव क्षेत्र के दौरे पर हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts