राखी निर्माण प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

मेरठ। शास्त्रीनगर स्थित बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में जूनियर वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए राखी निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, भाई-बहन के पवित्र प्रेम तथा स्वदेशी एवं हस्तनिर्मित वस्तुओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना रहा।

प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग के 80 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इनमें 60 छात्राएं और 20 छात्र शामिल रहे। विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे रिबन, रंगीन कागज, सितारे, मोती, बिंदी, लौंग, बादाम तथा गणेश जी, ओम और स्वस्तिक जैसे प्रतीकों का प्रयोग कर आकर्षक राखियां तैयार कीं। उनकी रचनाओं में कल्पनाशीलता और भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम का भावुक पक्ष उस समय देखने को मिला, जब छात्राओं ने प्रतियोगिता में तैयार की गई राखियां विद्यालय में पढ़ने वाले अपने भाइयों की कलाई पर बांधीं। इससे विद्यालय परिसर में रक्षाबंधन के अवसर पर भाई-बहन के स्नेह और आत्मीयता का माहौल बन गया।

विद्यालय प्रबंध समिति ने निर्णय लिया कि छात्राओं द्वारा तैयार की गई चुनिंदा सर्वश्रेष्ठ राखियां राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, सीमा पर तैनात सैनिकों तथा अनाथ आश्रम के बच्चों को भेजी जाएंगी। इस पहल का उद्देश्य उन्हें भी रक्षाबंधन की खुशियों से जोड़ना और देश की सीमाओं पर तैनात जवानों के प्रति सम्मान एवं अपनत्व का संदेश देना है।

प्रतियोगिता के बाद प्रधानाचार्य प्रभात कुमार गुप्ता ने प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मनिर्भरता और अपनी संस्कृति से जुड़े रहने की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता में दिनेश कुमार, बृजभूषण और तृप्ति रस्तोगी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. पायल गर्ग रहीं।

प्रतियोगिता के परिणाम

प्रथम: नित्या
द्वितीय: गौरी
तृतीय: वंशिका

सांत्वना पुरस्कार: हिमांशी, आरव, परी एवं प्रशांत भारद्वाज

अंत में प्रधानाचार्य ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया और सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts