चीनी की किल्लत की अफवाह पर प्रशासन सख्त, जमाखोरी मिली तो होगा मुकदमा

मेरठ। चीनी की किल्लत को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने और जरूरत के अनुसार ही चीनी खरीदने की अपील की है।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता है और आमजन खुले बाजार से अपनी आवश्यकता के अनुसार चीनी खरीद सकते हैं। सोशल मीडिया पर चीनी की कमी से संबंधित भ्रामक संदेशों के कारण लोगों को घबराकर अतिरिक्त खरीदारी करने की जरूरत नहीं है।

प्रशासन ने जिले के सभी थोक चीनी कारोबारियों को अपने स्टॉक का पूरा ब्योरा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। थोक व्यापारियों को भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के पोर्टल पर चीनी के उपलब्ध स्टॉक की स्थिति तत्काल घोषित करने और उसे नियमित रूप से अपडेट करने को कहा गया है।

डीएम ने बताया कि चीनी के थोक कारोबारियों के स्टॉक की आकस्मिक जांच कराई जाएगी। जांच के दौरान यदि किसी व्यापारी या व्यक्ति के स्तर पर जमाखोरी या कालाबाजारी सामने आती है तो आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी सूचना पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। चीनी की उपलब्धता पर प्रशासन लगातार नजर रख रहा है और बाजार में सामान्य आपूर्ति बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts