लावड़ रोड पर गरजा मेडा का बुलडोजर, अवैध कच्ची कॉलोनियों में मची खलबली
मेरठ । मेरठ के लावड़ रोड क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही कच्ची कॉलोनियों के खिलाफ सोमवार को मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) ने बड़ी कार्रवाई की। प्रवर्तन दल के साथ पहुंचे अधिकारियों ने बुलडोजर चलाकर बजरंग कुंज कॉलोनी में रास्तों, प्लॉटों की चारदीवारियों और निर्माणाधीन मकानों के कुछ हिस्सों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई से कॉलोनाइजरों और प्लॉट मालिकों में हड़कंप मच गया।
कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में प्लॉट मालिक और कॉलोनाइजर एकत्र हो गए। कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए अधिकारियों से नोकझोंक भी की, लेकिन प्रवर्तन दल की मौजूदगी में विरोध आगे नहीं बढ़ सका। बुलडोजर चलते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मेडा के जेई धीरज यादव ने बताया कि क्षेत्र में बजरंग कुंज नाम से कच्ची कॉलोनी विकसित किए जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर मौके का निरीक्षण कराया गया, जिसके बाद अनधिकृत विकास के खिलाफ कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि बिना अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनी में बनाए गए रास्तों और प्लॉटों की संरचनाओं को हटाया गया है।
लावड़ रोड क्षेत्र में तेजी से विकसित हो रही कच्ची कॉलोनियों के खिलाफ मेडा की कार्रवाई से कॉलोनाइजरों में हड़कंप है। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को अनधिकृत तरीके से प्लॉटिंग और निर्माण नहीं करने की चेतावनी भी दी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक क्षेत्र में लंबे समय से कृषि भूमि पर छोटे-छोटे प्लॉट काटकर बेचने की शिकायतें सामने आती रही हैं। मेडा की इस कार्रवाई के बाद ऐसे अन्य कॉलोनाइजरों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।


No comments:
Post a Comment