निलंबित दारोगा अनु कालिस का छलका दर्द
बोलीं- ‘5 दिन से कमरे में बंद हूं, करियर बर्बाद कर दिया’
मेरठ। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर निलंबित चल रहीं महिला दारोगा अनु कालिस ने रविवार को फेसबुक लाइव के जरिए अपना पक्ष रखा। उन्होंने इन्फ्लुएंसर अमित किल्होर पर उनकी छवि खराब करने और करियर बर्बाद करने का आरोप लगाया। लाइव के दौरान अनु ने कहा कि वह पिछले पांच दिनों से कमरे से बाहर नहीं निकली हैं और उनके मन में खुदकुशी के विचार आ रहे हैं।
अनु ने आरोप लगाया कि अमित किल्होर ने व्यूज बढ़ाने के लिए उनके निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए और उन्हें यूट्यूब सेक्स चैट का प्रमोटर साबित करने का प्रयास किया। उनका कहना है कि इस पूरे मामले से उनकी विभागीय और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचा है।
कपड़ों को लेकर भी दी सफाई
अनु ने वायरल वीडियो में पहने गए कपड़ों को लेकर भी सफाई दी। उन्होंने कहा कि जिन कपड़ों को आपत्तिजनक बताया जा रहा है, वे उनकी मां ने पसंद कर उन्हें दिलाए थे। उन्होंने कहा कि उनके परिवार और समाज में इसे गलत नहीं माना जाता।
अनु ने अमित किल्होर को नसीहत देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर व्यूज और लोकप्रियता के लिए किसी के करियर और जिंदगी से खिलवाड़ नहीं किया जाना चाहिए।
डीजीपी के आदेश पर हुई थी जांच
दरअसल, अमित किल्होर ने अपने यूट्यूब चैनल पर अनु कालिस से जुड़े एक इंस्टाग्राम वीडियो को लेकर सवाल उठाए थे। वीडियो में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और यूपी पुलिस के डीजीपी को संबोधित करते हुए दावा किया था कि संबंधित वीडियो से पुलिस और सरकार की छवि प्रभावित हो रही है। इसके बाद डीजीपी के निर्देश पर मेरठ एसएसपी ने मामले की जांच कराई थी।
जांच के बाद महिला दारोगा को पुलिस विभाग की इंटरनेट मीडिया नीति और पुलिस आचरण नियमावली के उल्लंघन के आरोप में निलंबित कर दिया गया था।
‘25 साल की जिंदगी बर्बाद कर दी’
फेसबुक लाइव में अनु ने कहा कि सरकारी नौकरी हासिल करना आसान नहीं होता और इस पूरे विवाद ने उनकी जिंदगी प्रभावित कर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी अनुमति के बिना इंटरनेट से निजी फोटो और वीडियो लेकर सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किए गए। उनका पक्ष भी नहीं लिया गया।
अनु का दावा है कि विवाद के बाद उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं और उनके परिवार को भी परेशान किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस क्यूआर कोड को वसूली से जोड़कर प्रचारित किया जा रहा है, वह उनके छोटे से यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब, शेयर और लाइक करने के लिए है। उनके अनुसार चैनल करीब 10 साल पुराना है और उस पर मुख्य रूप से फूड व फिटनेस से संबंधित सामग्री है।


No comments:
Post a Comment