किठौर में समझौते की बैठक बनी रणभूमि, फायरिंग में चार घायल

मेरठ। किठौर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश खत्म कराने के लिए रविवार को बुलाई गई समझौते की बैठक में अचानक विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले और कथित तौर पर फायरिंग भी हुई। घटना में एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। नादिम और नौशाद को गोली लगने की आशंका के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच कुछ महीने पहले पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसी विवाद को खत्म करने और आपसी समझौते के लिए रविवार को दोनों पक्षों की बैठक हुई थी।

बैठक के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। आरोप है कि दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडों से हमला किया गया और फायरिंग भी हुई। घटना में चार लोग घायल हो गए।

सूचना मिलते ही किठौर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। थाना प्रभारी सुबोध कुमार सक्सेना ने बताया कि नादिम और नौशाद को गोली लगी है या नहीं, इसकी पुष्टि चिकित्सकीय जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही होगी।

पुलिस के अनुसार, घटना की जांच की जा रही है। फायरिंग करने वालों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। एहतियातन घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts