50 लाख रुपये उधार दिए, नहीं लौटे तो बढ़ी
परेशानी; मेरठ में जिम संचालक ने ट्रेन के आगे लेटकर दी जान
मेरठ। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के सैनिक विहार निवासी करीब 35 वर्षीय जिम संचालक राहुल चौधरी ने शुक्रवार को ट्रेन के आगे लेटकर जान दे दी। परिजनों के मुताबिक राहुल पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान था। उसने दोस्तों को करीब 50 लाख रुपये उधार दिए थे, लेकिन रकम वापस नहीं मिलने के कारण वह तनाव में रहने लगा था। इसके अलावा कुछ समय तक लिव-इन में रही युवती के चले जाने से भी वह परेशान था।
राहुल सैनिक विहार में जिम संचालित करता था। उसके माता-पिता की कई वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी थी। चाचा और बुआ समेत परिवार के अन्य सदस्य उसकी देखभाल करते थे।
दोस्तों से मिलने के बाद निकला था घर से
परिजनों के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे राहुल घर से निकला था। सैनिक विहार में उसने कई दोस्तों से मुलाकात की और उनका हालचाल पूछा। इसके बाद वह वहां से गुजर रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बैठकर कंकरखेड़ा की ओर चला गया।
इसके बाद राहुल का कोई पता नहीं चला। शुक्रवार रात करीब आठ बजे जीआरपी पुलिस ने उसके चचेरे भाई के मोबाइल पर फोन कर ट्रेन की चपेट में आने की सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और मर्चरी में शव की पहचान राहुल के रूप में की।
50 लाख रुपये उधार दिए, लेकिन नहीं मिली रकम
राहुल के मामा योगेश के मुताबिक उसके पास जमीन-जायदाद की संपत्ति थी। उसने अपने कुछ दोस्तों को करीब 50 लाख रुपये उधार दिए थे। लंबे समय तक रकम वापस नहीं मिलने से वह परेशान रहने लगा था। परिजनों ने कई बार उससे पूछा कि उसने रुपये किन लोगों को दिए हैं, लेकिन राहुल ने किसी का नाम नहीं बताया।
लिव-इन पार्टनर के चले जाने से भी था परेशान
परिजनों ने बताया कि कुछ महीने पहले राहुल एक युवती के साथ लिव-इन में रहा था। बाद में युवती उसे छोड़कर चली गई और वापस नहीं आई। परिवार के मुताबिक इस बात को लेकर भी राहुल तनाव में रहता था।
राहुल के चचेरे भाई ने कहा कि वह पहले से परेशान जरूर रहता था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
जीआरपी ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। शनिवार शाम नंगलाताशी श्मशान घाट पर परिजनों ने राहुल का अंतिम संस्कार किया।


No comments:
Post a Comment