करनावल में निःशुल्क टीबी स्वास्थ्य शिविर, ग्रामीणों को जांच और उपचार के प्रति किया जागरूक

मेरठ। जनपद की सरूरपुर टीबी यूनिट के अंतर्गत ग्राम करनावल में शनिवार को निःशुल्क टीबी स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ क्षेत्र के चेयरमैन लोकेन्द्र कुमार ने फीता काटकर किया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने निःशुल्क डिजिटल छाती का एक्स-रे एवं टीबी जांच कराकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

कार्यक्रम से पूर्व जिला पीपीएम कोऑर्डिनेटर  शबाना बेगम ने एचएलएफपीपीटी के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर अजीत सिंह को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि शिविर से एक-दो दिन पहले आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कराने से अधिक से अधिक ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाया जा सकता है।

शिविर के दौरान ग्रामीणों को टीबी के लक्षण, संक्रमण से बचाव, समय पर जांच, नियमित एवं पूर्ण उपचार तथा संतुलित पोषण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही लोगों को अधिक से अधिक संख्या में निःशुल्क टीबी जांच और डिजिटल छाती का एक्स-रे कराने के लिए प्रेरित किया गया।

एचएलएफपीपीटी के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर अजीत सिंह ने बताया कि भारत सरकार के राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीबी की जांच और उपचार की सभी सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि टीबी के लक्षण दिखाई देने पर बिना संकोच निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच कराएं और समय पर उपचार शुरू करें।

शिविर में एएनएम अंजू, जितेंद्र, एक्स-रे टेक्नीशियन कपिल एवं आकाश सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और ग्रामीणों को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय में टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाना, संभावित मरीजों की समय पर पहचान सुनिश्चित करना तथा राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन अभियान को और अधिक प्रभावी बनाना रहा।

समापन पर स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना, रात में अत्यधिक पसीना आना अथवा भूख कम लगने जैसे लक्षण दिखाई दें तो बिना देरी निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर निःशुल्क टीबी जांच कराएं और समय पर उपचार शुरू करें।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts