गांधीबाग में अब टॉय ट्रेन और बुल राइड का रोमांच, बच्चों और परिवारों के लिए बढ़ेगा मनोरंजन का मजा

मेरठ। गांधीबाग में सैर-सपाटे और मनोरंजन को और बेहतर बनाने की तैयारी है। मेरठ कैंट स्थित गांधीबाग में जल्द ही टॉय ट्रेन और बुल राइड की सुविधा शुरू होने जा रही है। इससे पार्क में आने वाले बच्चों के साथ परिवारों को भी मनोरंजन का नया विकल्प मिलेगा।

छावनी परिषद से अनुबंधित ठेकेदार ने दोनों सुविधाओं की व्यवस्था कर ली है। 15 अगस्त के बाद टॉय ट्रेन और बुल राइड शुरू होने की संभावना है। टॉय ट्रेन के लिए कलरफुल फाउंटेन के दो चक्कर लगाने का शुल्क 30 रुपये निर्धारित किया गया है।

12 लोग एक साथ कर सकेंगे सैर

टॉय ट्रेन आकार में छोटी होगी और इसमें तीन कोच होंगे। प्रत्येक कोच में चार लोग बैठ सकेंगे, यानी एक बार में कुल 12 लोग ट्रेन की सवारी कर सकेंगे। बैटरी या इलेक्ट्रिक से संचालित यह ट्रेन कम गति से गांधीबाग के हरे-भरे और खूबसूरत रास्तों से गुजरेगी।

ट्रेन बच्चों और परिवारों को पार्क की सैर कराने के बाद बाल उद्यान के पास छोड़ेगी, जहां बच्चों के लिए अगला मनोरंजन आकर्षण बुल राइड होगा।

बुल राइड में दिखेगा रोमांच

बुल राइड एक तरह का एडवेंचर गेम और सिमुलेटर है। इसमें इलेक्ट्रॉनिक तरीके से संचालित कृत्रिम बैल पर बैठकर व्यक्ति को अपना संतुलन बनाए रखना होता है। राइड शुरू होते ही मशीन बैल की तरह हिचकोले लेते हुए घूमती है, जिससे रोमांचक अनुभव मिलता है।

सुरक्षा के लिए मशीन के नीचे नरम फुलाया हुआ गद्दा लगाया गया है, ताकि गिरने की स्थिति में चोट का खतरा कम रहे।

कैंट बोर्ड ने ठेकेदार को दिए निर्देश

कैंट बोर्ड के प्रेस प्रवक्ता जयपाल सिंह तोमर ने बताया कि ठेकेदार को गांधीबाग में टॉय ट्रेन चलाने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही यह सुविधा लोगों के लिए उपलब्ध होगी। गांधीबाग में पहले से ही बोटिंग की सुविधा संचालित है। नई सुविधाओं के शुरू होने से अब पार्क में बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के विकल्प और बढ़ जाएंगे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts