लंबित ऋण आवेदनों पर डीएम सख्त, बैंकों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

सीएम युवा और पीएम सूर्य घर योजना के आवेदनों में देरी पर जताई नाराजगी, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

मेरठ। विकास भवन सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी डा. वीके सिंह की अध्यक्षता में डीसीसी/डीएलआरसी/डीएलएससी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, ऋण वितरण और बैंकों में लंबित आवेदनों के निस्तारण की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने सीएम युवा योजना, पीएम सूर्य घर योजना सहित अन्य योजनाओं के लंबित ऋण आवेदनों पर नाराजगी जताते हुए बैंक अधिकारियों को सभी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना बैंकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि लंबित ऋण आवेदनों के प्रभावी निस्तारण के लिए समिति गठित कर संबंधित अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाए। समिति बैंकों से समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करेगी।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई

डीएम ने कहा कि योजनाओं में आवेदन लंबित रहने और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं होने से जिले की रैंकिंग प्रभावित होती है। उन्होंने सभी बैंक अधिकारियों को अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि ऋण आवेदनों के निस्तारण और ऋण वितरण में लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी पाए जाने पर संबंधित बैंकों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

सीएसआर फंड जनहित के कार्यों पर खर्च करने के निर्देश

बैठक में कुछ बैंकों द्वारा प्राथमिकता निर्धारित किए बिना सीएसआर फंड खर्च किए जाने पर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित बैंकों द्वारा किए गए सीएसआर खर्च की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि बैंकों के पास उपलब्ध अवशेष सीएसआर फंड को जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर जनहित और स्थानीय आवश्यकताओं से जुड़े प्राथमिकता वाले कार्यों पर खर्च किया जाए। उन्होंने कहा कि सीएसआर फंड का उपयोग ऐसे कार्यों में होना चाहिए, जिनसे आम जनता को प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।

बैठक में अन्य एजेंडा बिंदुओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों को योजनाओं में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मेरठ कैंट विधायक, मुख्य विकास अधिकारी, लीड बैंक मैनेजर, जिला सूचना अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और विभिन्न बैंकों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts