विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षाएं शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में शुक्रवार को विभिन्न पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाएं निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुईं। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
प्रथम पाली में एमपीएड (M.P.Ed.) प्रवेश परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक आयोजित हुई, जबकि द्वितीय पाली में बीपीएड (B.P.Ed.) प्रवेश परीक्षा दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक कराई गई।
कुलपति ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने परीक्षा के दौरान विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों में जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता एवं अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का भी निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को परीक्षा प्रक्रिया निष्पक्ष एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
एमपीएड में 985 अभ्यर्थी उपस्थित
एमपीएड प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 1,317 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 985 अभ्यर्थी उपस्थित और 332 अनुपस्थित रहे।
आरजी (पीजी) कॉलेज, मेरठ में 900 अभ्यर्थियों का पंजीकरण हुआ था, जिनमें 672 उपस्थित और 228 अनुपस्थित रहे। वहीं मान्यवर कांशीराम शोध पीठ भवन में 417 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें 313 उपस्थित और 104 अनुपस्थित रहे।
बीपीएड में 1,393 ने दी परीक्षा
द्वितीय पाली में आयोजित बीपीएड प्रवेश परीक्षा के लिए 1,667 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 1,393 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 274 अनुपस्थित रहे।
आरजी (पीजी) कॉलेज में 1,200 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें 988 उपस्थित और 212 अनुपस्थित रहे। मान्यवर कांशीराम शोध पीठ भवन में 467 अभ्यर्थियों का पंजीकरण था। इनमें 405 उपस्थित और 62 अनुपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment