जनसुनवाई में एमडी ने सुनीं बिजली उपभोक्ताओं की समस्याएं, बोले-देरी और लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही
मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के ऊर्जा भवन में आयोजित जनसुनवाई में प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने विभिन्न जनपदों से पहुंचे बिजली उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में मेरठ, मुजफ्फरनगर, गौतमबुद्धनगर समेत विभिन्न क्षेत्रों से आए उपभोक्ताओं के कुल 25 प्रकरणों पर सुनवाई की गई। इनमें बिजली बिल संशोधन, नए विद्युत कनेक्शन, सोलर, मीटर और बिजली के पोल से संबंधित शिकायतें प्रमुख रहीं।
मौके पर समाधान योग्य शिकायतें तत्काल निस्तारित करने के निर्देश
प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों से कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान गुणवत्ता, पारदर्शिता और उपभोक्ता संतुष्टि के मानकों के अनुरूप किया जाए। जिन शिकायतों का समाधान तत्काल संभव है, उन्हें मौके पर ही निस्तारित किया जाए। वहीं, जांच की आवश्यकता वाले मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं को त्वरित और प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना है। किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। शिकायतों की सतत समीक्षा और उनकी प्रगति की नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए गए।
नए कनेक्शन से लेकर बिल और मीटर तक की शिकायतें
जनसुनवाई में मेरठ की सोनिया, प्रवेश कुमार और प्रवीण कुमार ने नए विद्युत संयोजन से जुड़े मामले रखे। विनीत कुमार और सुकरम पाल ने सोलर संबंधी शिकायतें प्रस्तुत कीं। वहीं वलीउल्लाह, ऋषि पाल, रहमत, नदीम और प्रवीण ने बिजली बिल से जुड़े प्रकरण अधिकारियों के सामने रखे।
नितिन सिंह ने बिजली के पोल से संबंधित समस्या बताई, जबकि भरत पाल ने मीटर से जुड़ी शिकायत रखी। अधिकारियों ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया हिस्सा
जनसुनवाई में डिस्कॉम के वरिष्ठ अधिकारियों एवं विभागीय अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही। इस अवसर पर निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) आशु कालिया, निदेशक (वाणिज्य) संजय जैन, निदेशक (तकनीकी) एनके मिश्र और निदेशक (वित्त) स्वतंत्र कुमार तोमर मौजूद रहे।
इसके अलावा मुख्य अभियंता मो. सगीर, राजकुमार, गुलाब सिंह, राजेश कुमार, गुरजीत सिंह और रजनीकांत मिश्र सहित अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, उपखंड अधिकारी और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment