बिजली कर्मचारियों को सिखाए सुरक्षा के गुर

  लाइनमैन और टीजी-2 कर्मियों को दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण

मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) की ओर से 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र सेंट लक्स, मेरठ में लाइनमैन और टीजी-2 कर्मचारियों के लिए विद्युत सुरक्षा एवं तकनीकी विषयों पर एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्युत उपकरणों के सुरक्षित उपयोग, उपकेंद्र पर कार्य करने की सही प्रक्रिया और विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम के प्रति कर्मचारियों को जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष और पीवीवीएनएल के प्रबंध निदेशक के निर्देशों के तहत किया गया। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को विद्युत उपकेंद्रों पर काम करते समय अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं, उपकरणों के रखरखाव, सुरक्षा किट के सही इस्तेमाल और आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल कार्रवाई के बारे में जानकारी दी गई।

सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल का दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण

प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को सुरक्षा किट के सही प्रयोग, ट्रांसफार्मर की सुरक्षा और विद्युत उपकरणों के सुरक्षित संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही विद्युत लाइनों के रखरखाव, उपकेंद्र संचालन की तकनीकी बारीकियों और आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल की जानकारी भी दी गई।

अधिकारियों ने कहा कि नियमित प्रशिक्षण से कर्मचारियों की कार्यकुशलता और आत्मविश्वास बढ़ता है। सुरक्षा नियमों की जानकारी के साथ उनका व्यवहारिक रूप से पालन करना विद्युत दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कर्मचारियों ने ली सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ

कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों ने कर्मचारियों को विद्युत कार्यों के दौरान पूरी सतर्कता बरतने और सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की शपथ दिलाई। अधिकारियों ने कहा कि नियमित प्रशिक्षण से विद्युत दुर्घटनाओं में कमी लाने के साथ उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी।

इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता (मुख्यालय) इं. अभिषेक श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता इं. मांज सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts