कांवड़ियों के बीच पहुंचे डीएम, पूछा- भोले! कोई परेशानी तो नहीं?
रजवाहा कांवड़ मार्ग पर रार्धना से सरूरपुर तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा, स्वास्थ्य शिविरों में परखी सुविधाएं
मेरठ। सावन की कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में शिवभक्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी डा. वीके सिंह ने रविवार को अधिकारियों के साथ रजवाहा कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। रार्धना से सरूरपुर तक निरीक्षण के दौरान डीएम ने कांवड़ शिविरों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और शिवभक्तों से सीधे बातचीत कर यात्रा के दौरान मिल रही सुविधाओं का फीडबैक लिया।
डीएम ने कांवड़ियों से पेयजल, विश्राम, स्वास्थ्य सेवाओं और मार्ग की व्यवस्थाओं के बारे में पूछा। उन्होंने शिवभक्तों से सहज अंदाज में कहा, "भोले, कोई परेशानी तो नहीं?" अधिकारियों को अपने बीच देखकर कांवड़ियों ने भी उत्साह के साथ अपनी बात रखी।
स्वास्थ्य शिविर में जांची दवाइयों की उपलब्धता
जिलाधिकारी ने कांवड़ मार्ग पर बनाए गए स्वास्थ्य शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने दवाइयों का स्टॉक देखा और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की जानकारी ली। स्वास्थ्यकर्मियों से कांवड़ियों को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं और आकस्मिक स्थिति में तत्काल उपचार की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली।
डीएम ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं लगातार सुचारु रहें। किसी शिवभक्त को चिकित्सा की जरूरत पड़ने पर उसे तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाए।
कांवड़ियों को बांटी फ्रूटी, पानी और प्रसाद
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिवभक्तों को फ्रूटी, पानी की बोतल और प्रसाद वितरित किया। यात्रा की थकान के बीच प्रशासन की ओर से मिले इस अपनत्व से कांवड़ियों के चेहरे खिल उठे।
बढ़ती भीड़ के बीच व्यवस्थाओं पर विशेष नजर
कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में मार्गों पर शिवभक्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसे देखते हुए प्रशासन सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश और स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखने पर विशेष ध्यान दे रहा है।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और कांवड़ मार्गों पर आवश्यक व्यवस्थाएं लगातार सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिवभक्तों की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
शिविर संचालकों से भी लिया फीडबैक
जिलाधिकारी ने कांवड़ शिविर संचालकों से बातचीत कर भोजन, पानी, विश्राम और चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने प्रशासन और शिविर संचालकों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. राम प्रसाद, अपर जिलाधिकारी प्रशासन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और शिविर संचालक मौजूद रहे।



No comments:
Post a Comment