सिंगर हत्याकांड: हरियाणा के दो शार्प शूटर ढेर

दोनों पर था 50-50 हजार रुपये का इनाम, मुठभेड़ में पुलिसकर्मी भी घायल

शामली। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सोमवार तड़के शामली में हुई मुठभेड़ में हत्या में शामिल बताए जा रहे हरियाणा के दो शार्प शूटर मारे गए। दोनों आरोपियों पर पुलिस ने 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

पुलिस के अनुसार, कायराना रोड स्थित इंडियन गैस वेयरहाउस के पास चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस टीम को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में दोनों को गोली लगी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मारे गए आरोपियों की पहचान सोनीपत निवासी मोहित (22) और सुमित (24) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों कथित तौर पर गैंग से जुड़े थे और अंकित बालियान हत्याकांड में उनकी भूमिका सामने आई थी।

जिम के बाहर मारी गई थी गोली

हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की 26 अगस्त की शाम शामली में जिम के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद हमलावर बाइक से फरार हो गए थे। पुलिस ने CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की थी।

जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने के लिए चार शूटरों का इस्तेमाल किया गया था। मुठभेड़ में दो आरोपियों के मारे जाने के बाद अब पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

दो अन्य शूटरों की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार हत्याकांड में शामिल दो अन्य कथित शूटर सत्यम और आर्यन अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम के दो हेड कांस्टेबल भी घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके से हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि हत्याकांड के पीछे की साजिश और आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts