अमेरिका-ईरान आमने-सामने, मुज्तबा खामेनेई ने मुस्लिम देशों से मांगा साथ
बोले- ‘अपने असली दुश्मन को पहचानें और उसकी योजनाओं का मुकाबला करें’; होर्मुज में अमेरिकी हमले के बाद पश्चिम एशिया में बढ़ा तनाव
तेहरान,एजेंसी। ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के बीच ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मुज्तबा खामेनेई ने मुस्लिम देशों से एकजुट होने की अपील की है। उन्होंने मुस्लिम देशों के नेताओं से अपने ‘असली दुश्मन’ को पहचानने, उसकी योजनाओं को समझने और उनका मुकाबला करने का आह्वान किया।
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के अनुसार, मुज्तबा खामेनेई ने तेहरान में आयोजित एक धार्मिक सम्मेलन में शामिल नेताओं को भेजे पत्र में अमेरिका और इजरायल को इस्लामी देशों का दुश्मन बताया। उनके इस बयान को पश्चिम एशिया में लगातार बढ़ रहे सैन्य तनाव के बीच बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पिता की मौत के बाद कम दिखे सार्वजनिक रूप से
मुज्तबा खामेनेई के पिता और ईरान के कई वरिष्ठ नेताओं की करीब छह महीने पहले अमेरिका और इजरायल के हमले में मौत हुई थी। इसके बाद से मुज्तबा खामेनेई सार्वजनिक कार्यक्रमों में बेहद कम नजर आए हैं। अब मुस्लिम देशों से एकजुट होने की उनकी अपील ऐसे समय आई है, जब ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच टकराव लगातार बढ़ रहा है।
होर्मुज में अमेरिकी कार्रवाई से बढ़ा तनाव
ईरान की ओर से खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाए जाने और होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही सीमित किए जाने के बाद क्षेत्रीय तनाव और गहरा गया है।
अमेरिकी सेना ने रविवार को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ईरान के रॉकेट लॉन्चरों को निशाना बनाया। अमेरिका ने इसे ‘सीमित और सटीक कार्रवाई’ बताते हुए कहा कि हमले ईरानी माइन बिछाने वाली सैन्य इकाइयों को निशाना बनाकर किए गए।
ईरान ने जवाबी मिसाइल हमले का किया दावा
अमेरिकी कार्रवाई के बाद ईरान ने जॉर्डन में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर जवाबी मिसाइल हमले का दावा किया। जॉर्डन की सेना के अनुसार, सोमवार तड़के उसके हवाई क्षेत्र में दाखिल हुई आठ मिसाइलों को रोक दिया गया।
ईरानी सरकारी मीडिया ने बैलिस्टिक मिसाइलों के प्रक्षेपण के दृश्य प्रसारित किए और इन्हें अमेरिकी हमले के जवाब में की गई कार्रवाई बताया। वहीं, ईरानी मीडिया के अनुसार होर्मुज जलडमरूमध्य के पास लारक द्वीप के आसपास विस्फोटों की आवाजें भी सुनी गईं।
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड ने इस घटनाक्रम में कई सैनिकों और नागरिकों के मारे जाने तथा घायल होने की जानकारी दी है।
खाड़ी क्षेत्र में टकराव बढ़ने की आशंका
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है। यहां सैन्य तनाव बढ़ने से पश्चिम एशिया के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर भी ऊर्जा आपूर्ति और समुद्री व्यापार को लेकर चिंता बढ़ सकती है। ईरान की ओर से मुस्लिम देशों को एकजुट होने का आह्वान इस बात का संकेत है कि मौजूदा टकराव का असर आने वाले दिनों में क्षेत्रीय राजनीति और सुरक्षा व्यवस्था पर और गहरा पड़ सकता है।


No comments:
Post a Comment