कोलकाता की प्रेसिडेंसी जेल में गंभीर सुरक्षा चूक

- जेल में बंद आतंकी आफताब अंसारी से तीन आइफोन बरामद
- राउटर और 31 हजार रुपये भी मिले
- जेल कर्मियों की मिलीभगत की जांच जारी


कोलकाता (एजेंसी)बंगाल की अति-सुरक्षित मानी जाने वाली कोलकाता के अलीपुर स्थित प्रेसिडेंसी सेंट्रल जेल में एक बार फिर गंभीर सुरक्षा चूक का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
2002 में कोलकाता स्थित अमेरिकी सूचना केंद्र पर हुए आतंकी हमले के मुख्य साजिशकर्ता और आजीवन कारावास की सजा काट रहे कुख्यात आतंकी आफताब अहमद अंसारी के सेल से छापेमारी के दौरान तीन आइफोन, वाई-फाई राउटर, पेन ड्राइव और 31 हजार रुपये बरामद किया गया है।
खुफिया सूचना के आधार पर जेल विभाग के अधिकारियों ने जब आफताब के 14 नंबर सेल की गहन तलाशी ली, तो उसकी कपड़ों और बिस्तरों की परतों के बीच से यह हाई-टेक उपकरण बरामद हुए। बरामद सामान में दो राउटर, दो कार्ड रीडर, इयरफोन और 500 रुपये के नोटों में कुल 31,000 रुपये शामिल हैं।

इस के बाद हेस्टिंग्स थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है। जांच एजेंसियों के प्राथमिक आकलन के अनुसार, आफताब जेल के भीतर से बेधड़क वाट्सएप और टेलीग्राम जैसे एप का इस्तेमाल कर रहा था। खुफिया एजेंसियां अब इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही हैं कि क्या वह पाकिस्तान स्थित अपने पुराने आकाओं या सीमा पार आतंकी नेटवर्क के संपर्क में था।
इस घटना ने जेल के भीतर फैले भ्रष्टाचार की पोल खोल दी है। आखिर इतनी कड़ी त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी के बावजूद यह इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नकदी जेल के भीतर कैसे पहुंचे? पुलिस उन जेल कर्मियों की पहचान करने में जुटी है, जिन्होंने पैसों के लालच में इस आतंकी की मदद की।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts