बरेली में भाजपा नेता की चाकू मारकर हत्या
पुरानी रंजिश में हमलावरों ने चाकू से किए ताबड़तोड़ प्रहारमातम में बदलीं त्योहार की खुशियां
बरेली (एजेंसी)।बरेली में रक्षाबंधन की रात सुभाष नगर क्षेत्र के बंसी नगला में पुरानी रंजिश की वजह से भाजपा मणिनाथ मंडल (ओबीसी मोर्चा) के उपाध्यक्ष सचिन कश्यप की चाकू से मारकर हत्या कर दी गई। बीती देर रात करीब 12 बजे घर के पास बगिया में हमलावरों ने सचिन को घेर लिया और गले समेत शरीर पर कई जगह चाकू से वार किए। घायल सचिन खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। मौके पर पहुंचे परिवार के लोग उन्हें निजी अस्पताल ले गए जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सचिन की पत्नी गुड़िया देवी ने पड़ोस में रहने वाले बाबू उर्फ रोहित, अमित उर्फ भज्जी, बाबू की मां व आशीष मौर्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। आरोप लगाया कि बाबू नाम का युवक बच्चों के साथ गलत हरकत करता था। उनके पति ने इस बात का विरोध किया तो उनकी जान ले ली। सुभाषनगर थाना प्रभारी सतीश कुमार नैन ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। गिरफ्तारी के बाद ही सही वजह का खुलासा होगा।
परिजन ने बताया कि करीब दो महीने पहले सचिन का पड़ोस में रहने वाले आपराधिक छवि के युवक बाबू से विवाद हुआ था। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। आरोप है कि पड़ोसी युवक सचिन से रंजिश मान रहे थे। इसी रंजिश के चलते उनकी हत्या कर दी गई।
परिजन के मुताबिक सचिन लंबे समय से भाजपा से जुड़े थे और क्षेत्र के लोगों की छोटी-मोटी समस्याओं के समाधान में मदद करते थे। कुछ साल पहले तक वह प्रिंटिंग प्रेस में कर्मचारी रहे। परिवार की हालत ठीक नहीं है। सचिन के पिता और दो भाई रोडवेज स्टैंड पर पानी बेचते हैं। करीब दस साल पहले सचिन की शादी हुई और उनकी दो बेटियां व एक बेटा है।
सचिन की हत्या की खबर घर पहुंचते ही रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदल गईं। उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उन्होंने बताया कि आठ भाई-बहनों में सचिन सबसे बड़ा था। रक्षाबंधन पर घर में मेहमान आए हुए थे। अचानक बेटे की हत्या से परिवार में कोहराम मच गया।


No comments:
Post a Comment