ट्रांसफार्मर विद्युत वितरण व्यवस्था का महत्वपूर्ण घटक- प्रबंध निदेशक
ट्रांसफार्मर की सेहत और विश्वसनीयता बढ़ाने पर तकनीकी सेमिनार
मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने बुधवार को ऊर्जा भवन, विक्टोरिया पार्क स्थित सभागार में ‘बेस्ट लुब्रिकेशन प्रैक्टिस फॉर इम्प्रूव्ड ट्रांसफार्मर हेल्थ, ऑपरेशनल एफिशिएंसी एवं रिलायबिलिटी’ विषयक तकनीकी सेमिनार का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।
प्रबंध निदेशक ने कहा कि ट्रांसफार्मर विद्युत वितरण व्यवस्था का महत्वपूर्ण घटक है और इसकी विश्वसनीयता सीधे तौर पर विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता एवं निरंतरता से जुड़ी है। ऐसे में ट्रांसफार्मरों के बेहतर रखरखाव और कार्यक्षमता के लिए अधिकारियों को अद्यतन तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराना बेहद उपयोगी है। उन्होंने कहा कि सेमिनार में प्राप्त जानकारी को फील्ड और वर्कशॉप स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाना चाहिए।
सेमिनार में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के प्रशिक्षण विशेषज्ञ एवं ट्रेनिंग हेड राजीव रंजन ने ट्रांसफार्मरों में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न प्रकार के ऑयल, उनकी गुणवत्ता, उपयोग और रखरखाव के संबंध में विस्तार से तकनीकी जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने बताया कि ट्रांसफार्मर ऑयल कूलिंग के साथ-साथ इन्सुलेशन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। गुणवत्तापूर्ण ऑयल ट्रांसफार्मर को अत्यधिक गर्मी से बचाने और इन्सुलेशन को बेहतर बनाए रखने में सहायक होता है। निर्धारित मानकों के अनुरूप ऑयल का इस्तेमाल तथा उसे नमी एवं अन्य अशुद्धियों से मुक्त रखना ट्रांसफार्मर की कार्यक्षमता और विश्वसनीयता के लिए आवश्यक है। उचित रखरखाव से ट्रांसफार्मर की कार्यक्षमता के साथ उसकी सेवा-आयु भी बढ़ाई जा सकती है।
प्रशिक्षण में ट्रांसफार्मर ऑयल के बेहतर प्रबंधन, परिचालन दक्षता, रखरखाव और विश्वसनीयता बढ़ाने के व्यावहारिक पहलुओं पर भी चर्चा की गई। पीवीवीएनएल के सभी 14 जनपदों से कार्यशाला में अवर अभियंता स्तर तक के अधिकारियों ने प्रशिक्षण में प्रतिभाग किया।
सेमिनार का उद्देश्य अधिकारियों एवं कार्मिकों को ट्रांसफार्मर ऑयल के बेहतर प्रबंधन और उपयोग की तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराकर ट्रांसफार्मरों की दक्षता, विश्वसनीयता एवं दीर्घकालिक कार्यक्षमता में सुधार करना रहा।
कार्यक्रम के अंत में प्रबंध निदेशक ने आईओसीएल के विशेषज्ञों एवं प्रशिक्षण टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यशाला से जुड़े अभियंताओं, अधिकारियों और अन्य कार्मिकों को सक्रिय सहभागिता के लिए धन्यवाद देते हुए सेमिनार में प्राप्त तकनीकी जानकारी को कार्यक्षेत्र में प्रभावी रूप से लागू करने का आह्वान किया।
सेमिनार में निदेशक कार्मिक एवं प्रशासन आशु कालिया, निदेशक वाणिज्य संजय जैन, निदेशक तकनीकी एनके मिश्र, निदेशक वित्त स्वतंत्र कुमार तोमर, मुख्य अभियंता गुलाब सिंह, राजेश कुमार व गुरजीत सिंह सहित अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, अवर अभियंता एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment