कांवड़ यात्रा के बाद स्वच्छता योद्धाओं ने संभाला मोर्चा, चंद घंटों में बदली सड़कों की तस्वीर
20 दिन तक बिना अवकाश ड्यूटी पर डटे रहे सफाई कर्मचारी, नगर निगम और बीवीजी की टीमों ने चलाया विशेष अभियान
मेरठ। कांवड़ यात्रा के सफल और भव्य आयोजन के बाद मेरठ को फिर से स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए सफाई कर्मचारियों ने मोर्चा संभाल लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की स्वच्छता नीति के अनुरूप कांवड़ यात्रा के दौरान सफाई व्यवस्था संभालने वाले नगर निगम, बीवीजी कंपनी और ग्रामीण क्षेत्र के सफाई कर्मचारियों ने यात्रा समाप्त होते ही विशेष सफाई अभियान शुरू कर दिया।
कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों शिवभक्तों की आवाजाही और मार्गों पर लगे सेवा शिविरों के चलते बड़ी मात्रा में कचरा एकत्र हो गया था। शिविरों के समापन के बाद कई स्थानों पर डिस्पोजेबल सामग्री, पानी की बोतलें, खाद्य पदार्थों के रैपर और अन्य कचरा रह गया। प्रशासन ने इसे चुनौती के रूप में लेते हुए तत्काल सफाई व्यवस्था बहाल करने के निर्देश दिए।
प्रमुख मार्गों पर विशेष सफाई अभियान
एडीएम सिटी बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि कांवड़ सेवा शिविरों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत अनुमति दी गई थी और सफाई की जिम्मेदारी संबंधित आयोजकों की थी। इसके बावजूद जहां कहीं कूड़ा रह गया है, वहां जिला पंचायत, जिला पंचायत राज अधिकारी और नगर निगम के अधिकारियों के समन्वय से सफाई कराई जा रही है।
नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने बताया कि गढ़ रोड, हापुड़ रोड समेत शहर के प्रमुख मार्गों पर विशेष अभियान चलाकर कूड़ा हटाया गया। नगर निगम और बीवीजी के सफाई कर्मचारी लगातार अभियान में जुटे हैं। नालियों के जाम होने की आशंका वाले संवेदनशील स्थानों पर भी प्राथमिकता के आधार पर सफाई कराई जा रही है।
20 दिन तक बिना छुट्टी निभाई जिम्मेदारी
कांवड़ यात्रा को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की भूमिका भी अहम रही। खरखौदा क्षेत्र में कांवड़ सेवा शिविरों के समापन के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
कर्मचारियों ने करीब दो सप्ताह से अधिक समय तक लगातार मेरठ-हापुड़ मार्ग पर सेवाएं दीं। गांव बिजौली से हापुड़ जनपद की सीमा पर स्थित धीरखेड़ा तक सफाई व्यवस्था संभालने के साथ सड़क किनारे पेड़ों की टहनियों की कटाई, निराश्रित गोवंश को पकड़ने और कांवड़ सेवा शिविरों की सफाई की जिम्मेदारी भी निभाई।
मेहनत को मिला सम्मान, बढ़ा हौसला
ब्लॉक प्रमुख अतुल त्यागी ने संजय कुमार, राजकुमार, करण पुरी, संदीप कुमार, मनोहर लाल और बबलू समेत अन्य ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे बड़े आयोजन को व्यवस्थित और स्वच्छ बनाए रखने में सफाई कर्मचारियों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है।
इस दौरान कुछ शिवभक्तों को भी सम्मानित किया गया। लगातार कई दिनों तक घर-परिवार से दूर रहकर ड्यूटी निभाने वाले सफाई कर्मचारियों के सम्मान से उनका हौसला बढ़ा। कांवड़ यात्रा के बाद चलाया जा रहा यह विशेष अभियान आस्था के साथ स्वच्छता और सेवा को प्राथमिकता देने की प्रशासनिक प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।


No comments:
Post a Comment