थाईलैंड ओपन में मेरठ के चार कराटे खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
मेरठ, 12 अगस्त। थाईलैंड ओपन कराटे चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए वर्ल्ड ऑफ स्पोर्ट्स की कराटे टीम बुधवार को थाईलैंड के लिए रवाना हुई। टीम में मेरठ के चार खिलाड़ी मीनू यादव, आकाश कश्यप, संकल्प पाठक और अर्नव शामिल हैं। प्रतियोगिता में चारों खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
रवाना होने से पहले पल्लवपुरम स्थित वर्ल्ड ऑफ स्पोर्ट्स कार्यालय में खिलाड़ियों को माला पहनाकर और विजयश्री का तिलक लगाकर उत्साहपूर्ण विदाई दी गई। पूर्ण परिवर्तन सेवा समिति के संस्थापक एवं सचिव अवनीश त्यागी ने खिलाड़ियों को आधिकारिक किट प्रदान की, जबकि विशाल स्पोर्ट्स, मवाना के विशाल शर्मा ने खिलाड़ियों को आवश्यक बैग उपलब्ध कराए।
वर्ल्ड ऑफ स्पोर्ट्स के चेयरमैन कपिल त्यागी ने कहा कि टीम पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने जा रही है। उन्होंने खिलाड़ियों से देश के लिए बेहतर प्रदर्शन करने की उम्मीद जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। महासचिव लक्ष्मीकांत शर्मा और ऊषा राणा ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
वर्ल्ड ऑफ स्पोर्ट्स के संस्थापक अध्यक्ष सागर प्रतियोगिता के दौरान टीम के संरक्षक और कोच के रूप में खिलाड़ियों के साथ रहेंगे। वह खिलाड़ियों का मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन करेंगे। वहीं उत्कर्ष भारद्वाज टीम मैनेजर की जिम्मेदारी संभालेंगे।
आयोजकों के अनुसार, पिछली बार थाईलैंड ओपन के लिए वर्ल्ड ऑफ स्पोर्ट्स की 22 खिलाड़ियों की टीम थाईलैंड गई थी। इस बार आर्थिक सहयोग उपलब्ध नहीं होने के कारण केवल चार खिलाड़ियों को ही प्रतियोगिता में भेजा जा सका है। खास बात यह है कि चारों खिलाड़ी मेरठ के हैं और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर संस्थापक अध्यक्ष सागर, चेयरमैन कपिल त्यागी, महासचिव लक्ष्मीकांत शर्मा, संयुक्त सचिव राधा चौधरी, रीना मित्तल, अन्य खिलाड़ी और खिलाड़ियों के अभिभावक मौजूद रहे। वर्ल्ड ऑफ स्पोर्ट्स पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।


No comments:
Post a Comment