मेरठ में कांग्रेस संगठन की नब्ज टटोलने पहुंचीं एआईसीसी पर्यवेक्षक रेहाना रियाज चिश्ती

जिला-महानगर अध्यक्षों के लिए छह-छह नामों का पैनल हाईकमान को भेजा जाएगा, 20 अगस्त तक नेताओं-कार्यकर्ताओं से लेंगी फीडबैक

मेरठ, 12 अगस्त। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत संगठन की जमीनी स्थिति की समीक्षा करने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की पर्यवेक्षक रेहाना रियाज चिश्ती बुधवार को मेरठ पहुंचीं। तेजल भवन के सामने स्थित होटल ओलिविया में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि मेरठ में कांग्रेस संगठन की निष्पक्ष समीक्षा कर इसकी विस्तृत रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को सौंपी जाएगी।

रेहाना रियाज चिश्ती ने बताया कि जिला और महानगर कांग्रेस अध्यक्षों के पद के लिए प्राप्त आवेदनों के आधार पर पैनल तैयार कर हाईकमान को भेजे जाएंगे। प्रत्येक पैनल में छह नाम शामिल होंगे। पैनल तैयार करते समय महिला, अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) सहित समाज के सभी वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि वह 20 अगस्त तक मेरठ में रहेंगी। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व और वर्तमान पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आमजन से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं के सुझाव और जमीनी फीडबैक जुटाया जाएगा। संगठन को भविष्य में और मजबूत बनाने के सुझावों को भी रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा।

पर्यवेक्षक ने कहा कि संगठन सृजन अभियान का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत करना, सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को संगठन में जिम्मेदारी देना और समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही संगठन को मजबूत आधार प्रदान करती है।

समीक्षा के दौरान पर्यवेक्षक ने जिला अध्यक्ष गौरव भाटी, महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष अवनीश काजला, प्रवक्ता हरिकिशन वर्मा, डॉ. यूसुफ कुरैशी, पूनम पंडित, मतन सिंह टेड़ा, आदित्य शर्मा, हेमंत प्रधान, अभिमन्यु त्यागी, डॉ. प्रेम प्रकाश शर्मा, विनोद शर्मा, सलीमुद्दीन शाह, डॉ. संजीव अग्रवाल, अनिल अरोड़ा, सतीश शर्मा, डॉ. प्रदीप अरोड़ा, राजीव गॉड, डॉ. दिनेश मोहन शर्मा, हेम चंद ठेकेदार, हरीश त्यागी, डॉ. जफरुल्लाह, संजय कटारिया, रविंद्र सिंह, कमल जायसवाल, आमिर राजा, सलीम पठान, मनिंदर सूद वाल्मीकि, कामेश रतन, ठाकुर सुरेंद्र सिंह, राज केसरी, जगनेश कुमार, बबीता गुर्जर, रीना शर्मा, सुशीला कोहली, सुनीता मंडल, शहजाद युसूफ, रॉबिन नाथ गोलू, डॉ. कर्मेंद्र सिंह, मनजीत सिंह कोछड़, वसी अहमद रिजवी, तेजपाल डबका, सत्प्रकाश शर्मा और ठाकुर तेजवीर सिंह सहित अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से समूहवार और व्यक्तिगत रूप से संवाद किया।

इस दौरान कांग्रेस संगठन की वर्तमान स्थिति, बूथ स्तर की सक्रियता और आगामी संगठनात्मक तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में पूर्व एमएलसी हरेंद्र अग्रवाल, विशाल वशिष्ठ, पवन दीक्षित सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts