प्रमोशन की खुशी बनी मातम, हवलदार बनने से पहले हार्ट अटैक से जवान की मौत
बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में छत्तीसगढ़ आर्म्स फोर्स के जवान शिवमूरत पटेल की पदोन्नति की खुशी उस समय मातम में बदल गई, जब हवलदार पद पर नई जिम्मेदारी संभालने से पहले ही हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गई। जवान की आकस्मिक मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बबेरू तहसील के ग्राम पारा बिहारी निवासी मोतीलाल पटेल के पुत्र शिवमूरत पटेल छत्तीसगढ़ आर्म्स फोर्स में सिपाही के पद पर तैनात थे। हाल ही में उन्हें सिपाही से हवलदार पद पर पदोन्नति मिली थी। नई जिम्मेदारी संभालने के लिए वह ज्वाइनिंग पर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और हार्ट अटैक आने से उनकी मौत हो गई।
तिरंगे में लिपटकर पहुंचा पार्थिव शरीर
जवान का पार्थिव शरीर जब तिरंगे में लिपटकर उनके पैतृक गांव पहुंचा तो पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और क्षेत्रवासी पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों ने नम आंखों से अपने गांव के वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।
पुलिस-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि
अंतिम संस्कार में पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी रही। सभी ने दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति संवेदना जताई। पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अजय सिंह पटेल और बबेरू ब्लॉक प्रमुख रमाकांत पटेल ने भी अंतिम संस्कार में पहुंचकर शोक व्यक्त किया।
ग्रामीणों के अनुसार शिवमूरत पटेल मिलनसार, कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासित जवान थे। उनकी पदोन्नति पूरे गांव के लिए गर्व का विषय थी, लेकिन नई जिम्मेदारी संभालने से पहले उनका असमय निधन हर किसी को झकझोर गया। जवान की मौत से परिवार के साथ पूरा गांव शोक में डूबा है।


No comments:
Post a Comment