निगम के नोटिस पर क्रिकेटर प्रवीण कुमार ने खाली की डेयरी
मेरठ। आवासीय इलाकों में संचालित डेयरियों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद नगर निगम ने क्रिकेटर प्रवीण कुमार समेत चार लोगों को आवासीय मकानों में चल रही डेयरियां बंद कर परिसर खाली करने का नोटिस जारी किया था। निगम के नोटिस के बाद प्रवीण कुमार ने अपने मकान में संचालित डेयरी को खाली कर दिया।
वार्ड-38 की संत विहार कॉलोनी के लोगों ने बीते सप्ताह नगर निगम पहुंचकर शिकायत की थी। स्थानीय लोगों का आरोप था कि कॉलोनी की नालियों में डेयरी का गोबर और गंदगी पहुंचने से जल निकासी प्रभावित हो रही है। इससे सड़क पर पानी भरने की समस्या भी बनी रहती है। लोगों ने डेयरी संचालकों पर विरोध करने पर प्रभावशाली लोगों से संपर्क होने की धमकी देने का आरोप भी लगाया था।
शिकायतों का संज्ञान लेते हुए अपर नगर आयुक्त लवी त्रिपाठी ने 19 अगस्त को क्रिकेटर प्रवीण कुमार समेत चार लोगों को नोटिस जारी किए थे। नोटिस में आवासीय मकानों में संचालित डेयरियों को बंद कर परिसर खाली करने के निर्देश दिए गए थे।
नगर निगम की कार्रवाई के बाद 23 अगस्त को प्रवीण कुमार के मकान में संचालित डेयरी खाली कर दी गई। इसके साथ ही नोटिस के अनुपालन की कार्रवाई भी सामने आई है।
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, आवासीय क्षेत्रों में डेयरी संचालन से गंदगी, पशुओं से संबंधित परेशानी और आवागमन में दिक्कत जैसी शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर ऐसे मामलों की जांच कर कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों के विपरीत आवासीय क्षेत्रों में डेयरी संचालित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। दोबारा डेयरी संचालित मिलने पर मौके पर ही सील करने की कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment