एसएसपी ने कहा- पुलिसिंग में अनुशासन पहली प्राथमिकता, हर फरियादी की शिकायत सुनी जाए
मेरठ। नवागत एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने रविवार शाम जिले के पुलिस अधिकारियों और थानेदारों के साथ परिचय बैठक कर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दीं। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग में अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाए और जनता की समस्याओं का गंभीरता से निस्तारण सुनिश्चित करे।
अविनाश पांडे के स्थान पर मेरठ की जिम्मेदारी संभालने वाले एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। परिचय बैठक में उन्होंने सभी एसपी, डिप्टी एसपी, एसएचओ और थानाध्यक्षों से जिले की पुलिस व्यवस्था की जानकारी ली और विभिन्न थाना क्षेत्रों से आने वाली शिकायतों को लेकर सवाल-जवाब किए।
बड़े अफसर के पास जाने की जरूरत न पड़े
एसएसपी ने अधिकारियों से कहा कि थानों में ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे किसी फरियादी को अपनी शिकायत लेकर बड़े अधिकारियों के पास जाने की जरूरत न पड़े। प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत को गंभीरता से सुनकर उसका नियमानुसार समाधान कराया जाए। उन्होंने महिला और बच्चों से संबंधित शिकायतों पर विशेष गंभीरता बरतने के निर्देश दिए।
बीट कांस्टेबल को बताया पुलिसिंग की अहम कड़ी
एसएसपी ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सुरक्षा का दायित्व भी पुलिस को निभाना है। ऐसे में बीट कांस्टेबल पुलिसिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा है। बीट व्यवस्था को मजबूत करते हुए प्रत्येक पुलिसकर्मी को अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
लोहियानगर और लिसाड़ी गेट से अधिक शिकायतों पर सवाल
बैठक में जनसुनवाई का मुद्दा प्रमुखता से उठा। एसएसपी ने लोहियानगर और लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्रों से अपेक्षाकृत अधिक शिकायतें आने पर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि थाने पहुंचने वाले हर फरियादी की शिकायत गंभीरता से सुनी जाए और उसकी समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। एसएसपी ने संकेत दिया कि जनसुनवाई और पुलिस अनुशासन को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


No comments:
Post a Comment