शुगर मिल के स्पेयर पार्ट्स स्टोर में लगी भीषण आग, 50 लाख का सामान और रिकॉर्ड जला
मेरठ। पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में केश कॉलेज के सामने गंगोत्री कॉलोनी स्थित शुगर मिल के स्पेयर पार्ट्स स्टोर में सोमवार सुबह अचानक आग लग गई। हादसे के समय मकान की ऊपरी मंजिल पर परिवार के तीन सदस्य सो रहे थे। धुआं बढ़ने से पहले ही तीनों सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
स्टोर मालिक ओमेंद्र गर्ग के मुताबिक, सुबह करीब छह बजे सोकर उठने पर उन्हें नीचे से धुआं उठता दिखाई दिया। नीचे जाकर देखा तो स्टोर में आग लगी हुई थी। उन्होंने तत्काल परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला और पड़ोसियों के साथ पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक स्टोर में रखा करीब 50 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो चुका था। आग की चपेट में कंप्यूटर में सुरक्षित जरूरी रिकॉर्ड और कागजात में रखी फाइलें भी आ गईं।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। पुलिस और संबंधित विभाग की टीम नुकसान का आकलन करने के साथ आग के कारणों की जांच कर रही है।
हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। परिवार के तीनों सदस्यों के समय रहते सुरक्षित बाहर निकलने से जनहानि टल गई।


No comments:
Post a Comment