चार साल से पति की तलाश में भटक रही महिला, सीएम योगी से लगाई न्याय की गुहार
शामली। शामली शहर की एक महिला ने अपने पति पर शादी के बाद से उसे साथ नहीं रखने और लगातार मोबाइल नंबर व ठिकाना बदलकर उससे बचने का आरोप लगाया है। महिला ने शनिवार को नगरपालिका में प्रेसवार्ता कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई। उसने चेतावनी दी कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह आत्महत्या करने को मजबूर होगी।
शादी के बाद मायके भेजा, फिर नहीं लेने आया
महिला के मुताबिक, उसकी शादी 30 जुलाई 2022 को शामली के एक मोहल्ला निवासी युवक से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद पति ने उसे करीब दो महीने के लिए मायके भेज दिया और बाद में वापस लेने आने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद वह उसे लेने नहीं आया।
पीड़िता का कहना है कि पति ने अपना मोबाइल नंबर बदल लिया और लगातार ठिकाना भी बदलता रहा। हाल ही में उसे जानकारी मिली कि उसका पति मुजफ्फरनगर में अपनी मौसी के घर रह रहा है। वह वहां पहुंची तो आरोप है कि पति और उसकी मौसी ने उसके साथ धक्का-मुक्की की और मकान पर ताला लगाकर वहां से चले गए।
शादी से पहले चार साल तक संबंध का दावा
पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2018 में उसकी युवक से दोस्ती हुई थी और इसके बाद दोनों करीब चार साल तक रिश्ते में रहे। महिला का आरोप है कि वर्ष 2022 में गर्भवती होने के बाद उसने युवक से शादी करने के लिए कहा, लेकिन उसने मजहब का हवाला देकर उसका गर्भपात करा दिया। इसके बाद उसने शादी करने से इनकार कर दिया था।
महिला का आरोप है कि बाद में परिस्थितियों के चलते दोनों की शादी हुई, लेकिन पति ने उसे अपने साथ रखने के बजाय उससे दूरी बना ली। अब वह पिछले कई वर्षों से पति को तलाशने और न्याय पाने के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रही है।
मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग
पीड़िता ने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर पति के खिलाफ कार्रवाई और उसे न्याय दिलाने की मांग की है। साथ ही उसने कहा कि यदि उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह आत्महत्या जैसा कदम उठाने को मजबूर होगी।
पुलिस की ओर से मामले में क्या कार्रवाई की गई है, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना अभी बाकी है। पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


No comments:
Post a Comment