टेक्नोलॉजी से आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ ने घटाया लागत अनुपात
वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में बचत कारोबार का कॉस्ट-टू-प्रीमियम रेशियो घटकर 13.6%, एआई और ऑटोमेशन पर जोर
मेरठ। ICICI Prudential Life Insurance ने प्रौद्योगिकी और ऑटोमेशन के जरिए परिचालन लागत कम करने की दिशा में लगातार निवेश किया है। कंपनी के मुताबिक, इसका असर वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में बचत कारोबार के कॉस्ट-टू-प्रीमियम रेशियो के घटकर 13.6 प्रतिशत रहने के रूप में सामने आया है। कंपनी के कारोबार में वृद्धि के बावजूद यह अनुपात पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 50 आधार अंक कम हुआ है।
कंपनी के चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर गणेशन सौंदिरम ने कहा कि डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने में किए गए निवेश से ग्राहकों को पॉलिसी के पूरे जीवनचक्र में बेहतर अनुभव देने के साथ परिचालन क्षमता बढ़ाने में भी मदद मिली है। कंपनी ग्राहक अधिग्रहण, वितरण क्षमता, सेवा और परिचालन दक्षता बढ़ाने के लिए एआई, एनालिटिक्स तथा आईसीआईसीआई प्रू पार्टनर स्टैक और आईपीआरयू एज जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रही है।
डिजिटल प्रक्रिया से पॉलिसी जारी करने में तेजी
कंपनी के अनुसार, वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में डिजिटल केवाईसी के जरिए जारी की गई करीब 58 प्रतिशत पॉलिसियां और बचत से जुड़ी करीब 54 प्रतिशत पॉलिसियां उसी दिन जारी की गईं।
कंपनी डिजिटल क्लेम रजिस्ट्रेशन के जरिए दावों के तेजी से निपटारे की सुविधा भी दे रही है। इसमें ‘आस्क खुशमणि’ चैटबॉट, व्हाट्सऐप और एआई आधारित प्री-क्लेम असेसमेंट व प्रोसेसिंग के साथ रियल-टाइम ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
99.3 प्रतिशत क्लेम सेटलमेंट रेशियो
कंपनी के अनुसार, अंडरराइटिंग निर्णयों में मदद करने वाले एआई मॉडल का इस्तेमाल पॉलिसी निरंतरता का अनुमान लगाने और दावों के आकलन में भी किया जा रहा है। वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में कंपनी ने 99.3 प्रतिशत का दावा निपटान अनुपात दर्ज किया। बिना जांच वाले व्यक्तिगत दावों के लिए औसत टर्नअराउंड टाइम करीब एक दिन बताया गया है।
रोजमर्रा की ग्राहक सेवाओं का एक बड़ा हिस्सा कंपनी के एआई आधारित ‘आस्क खुशमणि’ चैटबॉट के जरिए संभाला जा रहा है। वहीं, नवीकरण संबंधी रिमाइंडर मल्टीलिंगुअल वॉयस असिस्टेंट के माध्यम से भेजे जाते हैं, जो कंपनी के मुताबिक एक घंटे में करीब 50 हजार ग्राहकों तक पहुंच सकता है।
सलाहकारों के लिए डिजिटल टूल
वितरण नेटवर्क में कंपनी के सलाहकार ‘आईपीआरयू एज’ ऐप जैसे डिजिटल टूल का इस्तेमाल कर रहे हैं। कंपनी के मुताबिक, इससे कारोबार प्रबंधन, आवेदन के दिन पॉलिसी जारी करने और ग्राहकों को बेहतर सेवा देने में मदद मिल रही है।
ग्राहकों की सेवा के 25 वर्ष पूरे करने के अवसर पर कंपनी का कहना है कि आने वाले वर्षों में लाभ के साथ कारोबार को आगे बढ़ाने की रणनीति में तकनीक आधारित परिचालन दक्षता महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

No comments:
Post a Comment