शिव चौक पर अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी

ई-रिक्शा चालक बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार, पुलिस सीसीटीवी से तलाश में जुटी

मेरठ। दिल्ली गेट थाना क्षेत्र के व्यस्त शिव चौक पर बुधवार दोपहर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। एक ई-रिक्शा चालक कथित तौर पर व्यक्ति को बेहोशी की हालत में सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब साढ़े 12 बजे यूपी-112 के माध्यम से सूचना मिली कि शिव चौक पर एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही दिल्ली गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

स्थानीय दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक अज्ञात ई-रिक्शा चालक व्यक्ति को गंभीर और बेहोशी की हालत में शिव चौक लेकर आया था। आरोप है कि चालक उसे सड़क किनारे उतारकर ई-रिक्शा समेत वहां से फरार हो गया। चालक की संदिग्ध गतिविधि देखकर आसपास के दुकानदारों ने पुलिस को सूचना दी।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने अचेत व्यक्ति को उपचार के लिए प्यारेलाल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की अभी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार ई-रिक्शा चालक की पहचान हो सके और यह पता लगाया जा सके कि वह व्यक्ति को किस स्थान से लेकर आया था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts