बारिश में भरभराकर गिरी मकान की छत, वृद्धा की मौत; दो महिलाएं घायल

मेरठ के लिसाड़ी गेट की आमिर कॉलोनी में हादसा, एंबुलेंस देर से पहुंचने पर लोगों ने किया हंगामा; स्वजन ने पोस्टमार्टम कराने से किया इन्कार

मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की आमिर कॉलोनी में मंगलवार सुबह तेज बारिश के दौरान एक मकान की छत भरभराकर गिर गई। मलबे में दबने से 80 वर्षीय वृद्धा की मौत हो गई, जबकि एक महिला और युवती गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवती की हालत नाजुक बताई जा रही है।

आमिर कॉलोनी निवासी निसार अहमद के मकान में मंगलवार सुबह उसकी पत्नी शाहजहां, सास 80 वर्षीय जैतून पत्नी मजीद और नाजमा एक कमरे में बैठी थीं। इसी दौरान तेज बारिश के बीच बिजली कड़की और अचानक कमरे की छत भरभराकर नीचे आ गिरी। छत के मलबे में तीनों दब गईं। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाया और तीनों को बाहर निकाला।

हादसे में जैतून की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शाहजहां और नाजमा घायल हो गईं। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां नाजमा की हालत गंभीर बताई गई है।

एंबुलेंस देर से पहुंचने पर हंगामा

हादसे की सूचना के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। तब तक स्थानीय लोगों ने मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाल लिया था। एंबुलेंस और पुलिस के देर से पहुंचने पर लोगों ने हंगामा किया। पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाकर शांत कराया।

पोस्टमार्टम को लेकर स्वजन ने जताया विरोध

पुलिस ने वृद्धा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया, लेकिन स्वजन ने इसका विरोध कर दिया। स्वजन ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार करते हुए कड़ा विरोध जताया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे स्वजन को सौंप दिया।

पुलिस के अनुसार, मकान के मलबे में अब कोई व्यक्ति दबा नहीं है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts