होटल में युवक की हत्या कर गंगनहर में फेंका शव, तीन गिरफ्तार

मेरठ। हस्तिनापुर क्षेत्र में युवक की हत्या कर शव गंगनहर में फेंके जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने होटल के कमरे में युवक की हत्या करने के बाद शव को बेडशीट में बांधकर मध्य गंगनहर में फेंक दिया था।

पुलिस के मुताबिक बस्तौरा नारंग निवासी सरवर (35) के भाई रूस्तम ने 23 अगस्त को उसकी हत्या की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि नजाकत और राहुल सरवर को मोटरसाइकिल से अपने साथ ले गए और गढ़ चौपला स्थित एक होटल के कमरे में उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को गंगनहर में फेंक दिया गया।

जांच के दौरान पुलिस को होटल मालिक और मैनेजर की भूमिका भी संदिग्ध मिली। आरोप है कि घटना की जानकारी होने के बावजूद पुलिस को सूचना नहीं दी गई और होटल के कमरे में मौजूद साक्ष्यों को मिटाने का प्रयास किया गया।

पुलिस ने मामले में राहुल को गिरफ्तार करने के बाद उसकी निशानदेही पर होटल मालिक रोबिन निवासी झड़ीना, गढ़मुक्तेश्वर तथा होटल मैनेजर ओमेन्द्र निवासी लोधीपुर झपका, गढ़मुक्तेश्वर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों से घटना से संबंधित साक्ष्य भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार मामले में फरार आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts