क्षेत्रीय योगासन प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने लहराया परचम

14 पदक जीतकर बढ़ाया विद्यालय का गौरव, विनय और कार्तिक राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित

मेरठ। शामली स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में 24 से 26 अगस्त तक आयोजित 38वीं क्षेत्रीय योगासन प्रतियोगिता में शास्त्री नगर स्थित बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मेरठ के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 14 पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। इनमें दो स्वर्ण, सात रजत और पांच कांस्य पदक शामिल हैं।

प्रतियोगिता में क्षेत्र के कई प्रतिष्ठित विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। विद्यालय के योग साधकों ने अपनी साधना, एकाग्रता, अनुशासन और शारीरिक संतुलन का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल ने भी विद्यार्थियों के आसनों की विशेष सराहना की।

विभिन्न वर्गों में शानदार प्रदर्शन

अंडर-17 बालक वर्ग में विनय और कार्तिक ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि ऋषभ और कार्तिक ने कांस्य पदक प्राप्त किया।

अंडर-14 बालिका वर्ग में अष्टी गौर ने दो रजत और एक कांस्य पदक, जबकि दिव्यांशी और दक्ष ने दो रजत और एक कांस्य पदक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

अंडर-19 बालिका वर्ग में दृष्टि ने एक रजत और एक कांस्य पदक तथा वैष्णवी ने दो रजत और एक कांस्य पदक जीता।

क्षेत्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले विनय और कार्तिक अब 6 से 11 अक्टूबर 2026 तक असम में आयोजित 38वीं राष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिता में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे।

विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रभात कुमार गुप्ता ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की मेहनत, एकाग्रता, अनुशासन और लगन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की इस सफलता पर पूरा विद्यालय परिवार गौरवान्वित है।

विद्यालय की प्रबंध समिति और प्रधानाचार्य ने योग प्रशिक्षक धीरज कुमार के अथक प्रयासों और कुशल प्रशिक्षण की सराहना करते हुए उनका विशेष अभिनंदन किया। उन्होंने विजेता विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों, कोच और विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं तथा विनय और कार्तिक को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अग्रिम बधाई दी।

इस अवसर पर शारीरिक शिक्षक नीरज सोम, पारूल चौधरी, चांदनी नेगी, संजय सैनी सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts