रक्षाबंधन से पहले मातृशक्ति को योगी सरकार का तोहफा, 60+ महिलाओं को उम्रभर मुफ्त बस यात्रा

‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ, 27 से 29 अगस्त तक सभी महिलाओं को निशुल्क बस यात्रा

मेरठ। रक्षाबंधन पर्व से पहले प्रदेश सरकार ने महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। अब 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाएं उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की सामान्य बसों में आजीवन निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। इसके साथ ही रक्षाबंधन के अवसर पर 27 से 29 अगस्त तक सभी महिलाओं को निशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलेगी। महिला यात्री के साथ एक सहयात्री को भी इस अवधि में मुफ्त यात्रा का लाभ मिलेगा।

बुधवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ किया। इसका सजीव प्रसारण चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के अटल सभागार में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ महिलाएं, महिला पुलिसकर्मी और अन्य महिलाएं शामिल हुईं और मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यमंत्री जलशक्ति दिनेश खटीक ने कहा कि योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं को रोडवेज की सामान्य बसों में आजीवन निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। पात्र महिलाओं की पहचान के लिए परिवहन निगम की ओर से विशेष स्मार्ट कार्ड जारी किए जाएंगे। इससे वरिष्ठ महिलाओं को आर्थिक राहत के साथ सामाजिक, धार्मिक और पारिवारिक यात्राओं में भी सुविधा मिलेगी।

सिवालखास विधायक गुलाम मोहम्मद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समाज के प्रत्येक वर्ग के हित में कार्य कर रहे हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को यह सुविधा देना उनके सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मेयर हरिकांत अहलूवालिया ने भी योजना को महिलाओं के लिए उपयोगी पहल बताया।

जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने कहा कि योजना वरिष्ठ महिलाओं के आवागमन को आसान बनाने के साथ उन्हें आर्थिक राहत प्रदान करेगी। कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मियों और अन्य महिलाओं को उपहार किट भी वितरित की गईं।

महिलाओं ने कहा—उम्रभर याद रहेगा सम्मान

कार्यक्रम में पहुंचीं वरिष्ठ महिलाओं ने योजना का स्वागत किया। निशा ने कहा कि उम्र बढ़ने के साथ यात्रा का खर्च चिंता का कारण बन जाता है। आजीवन मुफ्त यात्रा की सुविधा से बड़ी राहत मिलेगी। बिरमो ने कहा कि योजना से रिश्तेदारों से मिलने और जरूरी कार्यों के लिए आवागमन आसान होगा।

ऊषा ने कहा कि यह सुविधा महिलाओं के लिए सम्मान के साथ बड़ी राहत भी है। अब बस यात्रा के दौरान किराये की चिंता नहीं रहेगी। सुमन ने कहा कि धार्मिक और पारिवारिक यात्राओं में योजना बेहद उपयोगी साबित होगी। राजबाला ने भी इसे बुजुर्ग महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण सुविधा बताया।

महिलाओं ने बांधी राखी, स्टॉलों का किया निरीक्षण

कार्यक्रम के बाद जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने महिलाओं द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और उनके उत्पादों की जानकारी ली। इस दौरान महिलाओं ने राज्यमंत्री दिनेश खटीक, अन्य जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह को राखी बांधी। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

27 अगस्त सुबह छह बजे से मिलेगी निशुल्क यात्रा

रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा की सुविधा 27 अगस्त सुबह छह बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक उपलब्ध रहेगी। इस दौरान महिला यात्री के साथ एक सहयात्री को भी मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, पीडीडीआरडीए सुनील कुमार सिंह, रोडवेज के क्षेत्रीय एवं सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां तथा बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts