मेरठ में पश्चिमी यूपी का पहला कैंसर स्क्रीनिंग सेंटर, समय पर जांच से इलाज की राह होगी आसान
पुलिस लाइन पीएचसी में भूमि पूजन कर शिलान्यास, मुंह, स्तन, सर्वाइकल और प्रोस्टेट कैंसर की होगी प्रारंभिक जांच
मेरठ। कैंसर की समय पर पहचान और बेहतर उपचार की दिशा में मेरठ ने महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुलिस लाइन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पहले कैंसर स्क्रीनिंग सेंटर के निर्माण के लिए मंगलवार को विधि-विधान से भूमि पूजन कर शिलान्यास किया गया। सेंटर की संकल्पना राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी के मार्गदर्शन में की गई है। भवन निर्माण के लिए सांसद निधि से 3,66,500 रुपये और चिकित्सा उपकरणों के लिए 23,04,540 रुपये की व्यवस्था की गई है।
भूमि पूजन कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, अपर पुलिस महानिदेशक भानू भास्कर, मंडलायुक्त भानू चंद्र गोस्वामी, डीआईजी मेरठ कलानिधि नैथानी, एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य डॉ. अशोक कुमार तालियान, मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. आरसी गुप्ता और सीएमओ डॉ. राम प्रसाद समेत स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
समय पर जांच से बेहतर उपचार की उम्मीद
डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश का पहला ऐसा स्क्रीनिंग सेंटर होगा, जहां विभिन्न प्रकार के कैंसर की प्रारंभिक जांच की जाएगी। सेंटर को एम्स झज्जर, हरियाणा से टेली-कंसल्टेशन सुविधा से जोड़ने की योजना है। उन्होंने कहा कि कैंसर की शुरुआती अवस्था में पहचान होने पर मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
एडीजी भानू भास्कर ने कहा कि सरकारी स्तर पर कैंसर स्क्रीनिंग सेंटर की स्थापना महत्वपूर्ण पहल है। इससे गरीब और जरूरतमंद लोगों को कैंसर की जांच के साथ आगे के उपचार के लिए उचित मार्गदर्शन मिल सकेगा।
मंडलायुक्त भानू चंद्र गोस्वामी ने कहा कि सेंटर पुलिस लाइन के कर्मचारियों और उनके परिवारों के साथ क्षेत्र के आम लोगों के लिए भी उपयोगी होगा। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने कहा कि इसका लाभ मेरठ शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी मिल सकेगा।
चार प्रमुख कैंसर की होगी स्क्रीनिंग
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अंकुर त्यागी ने बताया कि सेंटर को केवल पुलिसकर्मियों तक सीमित नहीं रखा जाएगा। आम नागरिकों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के साथ कैंसर स्क्रीनिंग की सुविधा देने की योजना है। यहां मुंह के कैंसर की ओरल जांच, स्तन कैंसर के लिए ब्रेस्ट एग्जामिनेशन, सर्वाइकल कैंसर के लिए पीएपी स्मीयर और प्रोस्टेट कैंसर के लिए पीएसए टेस्ट प्रस्तावित हैं। आवश्यकता के अनुसार फेफड़ों और ब्रेन ट्यूमर की स्क्रीनिंग की व्यवस्था भी विकसित की जाएगी।
स्क्रीनिंग के दौरान कैंसर के लक्षण या बीमारी की आशंका मिलने पर मरीज को आगे की जांच और उपचार के लिए जिला अस्पताल तथा एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज से जोड़ा जाएगा। सेंटर में स्क्रीनिंग से लेकर डायग्नोसिस, रेफरल, विशेषज्ञ परामर्श, उपचार और फॉलोअप तक की प्रक्रिया को एकीकृत व्यवस्था से जोड़ने की योजना है।
एम्स विशेषज्ञों से टेली-कंसल्टेशन की तैयारी
सेंटर को एम्स नई दिल्ली और एम्स झज्जर के विशेषज्ञों से टेली-कंसल्टेशन एवं रेफरल व्यवस्था से जोड़ने का प्रस्ताव है। मरीजों के लिए आभा आईडी, ई-रेफरल और ओपीडी पंजीकरण जैसी डिजिटल सुविधाएं भी उपलब्ध कराने की योजना है।
सेंटर के संचालन के लिए एक पुरुष स्टाफ नर्स, दो महिला स्टाफ नर्स, एक लैब टेक्नीशियन और एक एक्स-रे टेक्नीशियन की व्यवस्था प्रस्तावित है।
कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. राम प्रसाद ने अतिथियों का तुलसी और गीता भेंट कर स्वागत किया। इससे पहले अतिथियों ने नींव में 11 ईंट रखकर विधि-विधान से भूमि पूजन किया। भूमि पूजन सुनील पंडित ने कराया।
कार्यक्रम का संयोजन एसपी क्राइम अवनीश कुमार, सीओ सिविल लाइन संग्राम सिंह और प्रतिसार निरीक्षक हरपाल सिंह ने किया। संचालन प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अंकुर त्यागी ने किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मेरठ में शुरू होने जा रहा यह सेंटर कैंसर की शुरुआती पहचान, विशेषज्ञ परामर्श और समय पर उपचार तक पहुंच आसान बनाने की दिशा में अहम पहल साबित हो सकता है।



No comments:
Post a Comment