यूपी-राजस्थान के सरकारी स्कूलों में बाहरी लोगों की एंट्री और वीडियोग्राफी पर रोक, सुप्रीम कोर्ट पहुंचा मामला
नई दिल्ली, 23 अगस्त। उत्तर प्रदेश और राजस्थान के सरकारी स्कूलों में बाहरी लोगों के प्रवेश और फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी पर रोक लगाने वाले सरकारी सर्कुलर को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई है। अधिवक्ता नरेंद्र मिश्रा की ओर से दाखिल याचिका में दोनों राज्यों के आदेशों को रद्द करने की मांग की गई है। याचिका में केंद्र सरकार के साथ सभी राज्यों को पक्षकार बनाया गया है।
याचिकाकर्ता ने दावा किया है कि इन आदेशों से संविधान के अनुच्छेद 14, 19(1)(ए), 19(1)(जी), 21 और 21-ए के तहत मिले समानता, अभिव्यक्ति, जीवन और शिक्षा के अधिकार प्रभावित होते हैं।
पत्रकारों और सोशल मीडिया से जुड़े लोगों पर भी रोक
याचिका के मुताबिक, सरकारी स्कूलों में बाहरी लोगों के साथ-साथ पत्रकारों, यूट्यूबर्स, सोशल मीडिया से जुड़े लोगों और सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधियों के प्रवेश को भी नियंत्रित किया गया है। फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, इंटरव्यू, ऑडियो रिकॉर्डिंग और लाइव स्ट्रीमिंग के लिए भी पूर्व अनुमति अनिवार्य किए जाने का उल्लेख है।
राजस्थान शिक्षा विभाग ने 16 अगस्त को सरकारी स्कूलों में बाहरी लोगों के प्रवेश को लेकर नई गाइडलाइंस जारी की थीं। इनके तहत स्कूल परिसर में किसी बाहरी व्यक्ति को प्रिंसिपल या अधिकृत अधिकारी की अनुमति के बिना प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रत्येक विजिटर को स्कूल पहुंचने पर विजिटर रजिस्टर में अपनी जानकारी दर्ज करनी होगी।
छात्रों से जुड़े क्षेत्रों में प्रवेश पर भी प्रतिबंध
दिशानिर्देशों के अनुसार, बाहरी लोगों को कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, छात्रावास, खेल मैदान, रेस्टरूम या छात्रों की गतिविधियों से जुड़े अन्य क्षेत्रों में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी, जब तक उनके साथ प्रिंसिपल, शिक्षक या अधिकृत अधिकारी मौजूद न हो।
छात्रों या स्कूल की गतिविधियों से संबंधित फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, इंटरव्यू, ऑडियो रिकॉर्डिंग और लाइव स्ट्रीमिंग के लिए भी स्कूल प्रमुख से पहले अनुमति लेना जरूरी किया गया है।
सर्कुलर रद्द करने की मांग
सुप्रीम कोर्ट में दाखिल याचिका में इन प्रतिबंधों को मौलिक अधिकारों के खिलाफ बताते हुए संबंधित सर्कुलर रद्द करने की मांग की गई है। अब मामले में सुप्रीम कोर्ट की कार्यवाही पर नजर रहेगी कि अदालत इन सरकारी निर्देशों को लेकर क्या रुख अपनाती है।


No comments:
Post a Comment