अखिलेश यादव से मिले संजय सिंह, आरक्षण और 69 हजार शिक्षक भर्ती पर चर्चा

लखनऊ, 23 अगस्त। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आरक्षण और पिछड़ों के अधिकार का मुद्दा फिर सियासी चर्चा के केंद्र में आ गया है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने रविवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच संविधान, आरक्षण और 69 हजार शिक्षक भर्ती मामले समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

मुलाकात के बाद संजय सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि संविधान और आरक्षण की रक्षा के लिए भाजपा के खिलाफ संघर्ष तेज करने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आरक्षण को खत्म करने की कोशिश कर रही है और 69 हजार शिक्षक भर्ती में पिछड़ों के अधिकारों को नुकसान पहुंचाया गया है।

संजय सिंह ने कहा कि इन मुद्दों को लेकर “सड़क से संसद और सुप्रीम कोर्ट तक” अधिकारों की लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने संविधान और आरक्षण की रक्षा को विपक्ष की प्राथमिकता बताते हुए भाजपा पर निशाना साधा।

2027 चुनाव से पहले सियासी सक्रियता तेज

संजय सिंह और अखिलेश यादव की मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दल सामाजिक और जातीय समीकरण साधने में जुटे हैं। आरक्षण, संविधान और पिछड़ों के अधिकार जैसे मुद्दों को लेकर विपक्ष लगातार भाजपा सरकार को घेर रहा है।

मुलाकात के दौरान इन मुद्दों के अलावा सामाजिक न्याय से जुड़े अन्य विषयों पर भी विस्तार से चर्चा होने की बात सामने आई है। आरक्षण को लेकर विभिन्न सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों की सक्रियता के बीच इस मुलाकात को यूपी की आगामी सियासत के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts