राष्ट्रगान के अपमान के आरोपों पर सतीश महाना की सफाई, बोले- वीडियो से भ्रम फैलाया जा रहा

लखनऊ, 23 अगस्त। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के उन्नाव दौरे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राष्ट्रगान के अपमान के आरोपों को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। वीडियो में गॉड ऑफ ऑनर के बाद राष्ट्रगान शुरू होने के दौरान महाना के कार की ओर जाते दिखाई देने पर सवाल उठाए गए। विवाद बढ़ने के बाद महाना ने रविवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर सफाई दी।

महाना ने कहा कि उन्नाव में उन्हें प्रोटोकॉल के तहत गॉड ऑफ ऑनर दिया जा रहा था। इसी दौरान संयोगवश प्रेक्षागृह के भीतर राष्ट्रगान शुरू हुआ, जहां उस समय उनकी उपस्थिति नहीं थी। उन्होंने कहा कि गॉड ऑफ ऑनर और राष्ट्रगान के कार्यक्रम अलग-अलग स्थानों पर हो रहे थे। इसलिए राष्ट्रगान के दौरान उनके नहीं रुकने की बात पूरी तरह गलत है।

वीडियो के आधार पर भ्रामक विश्लेषण न करें

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी वीडियो के संबंध में सही तथ्यों की जानकारी होना जरूरी है, ताकि भ्रम की स्थिति पैदा न हो। उन्होंने कहा कि कुछ वीडियो इस तरह साझा किए जा रहे हैं, जिससे यह धारणा बनाई जा रही है कि राष्ट्रगान के समय वह रुके नहीं थे।

महाना ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा से लेकर अपने विधानसभा क्षेत्र तक हर अवसर और स्थान पर उन्होंने, उनके कार्यकर्ताओं और सहयोगियों ने संविधान तथा राष्ट्रगान का सर्वोच्च सम्मान किया है और आगे भी करते रहेंगे।

पत्रकारों से तथ्य जांचने की अपील

महाना ने मीडिया और पत्रकारों से भी अपील की कि किसी वीडियो या घटना पर चर्चा करने से पहले उसके तथ्यों की पुष्टि जरूर कर लें। उन्होंने कहा कि अधूरी जानकारी या वीडियो के आधार पर किए गए विश्लेषण से भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है।

उन्नाव दौरे का वीडियो सामने आने के बाद विपक्षी खेमे की ओर से भी सवाल उठाए गए थे। सोशल मीडिया पर इसको लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। महाना की सफाई के बाद मामला अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच पहुंच गया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts