योगी सरकार का पीआरडी जवानों को बड़ा तोहफा

मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा सेवा योजना का शुभारंभ, जवानों और परिवार को सालाना पांच लाख तक का कैशलेस इलाज

मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह, रामगढ़ ताल में आयोजित प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) स्वयंसेवकों के सम्मेलन में ‘मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा सेवा योजना’ का शुभारंभ किया। योजना के तहत पीआरडी स्वयंसेवकों एवं उनके परिवार के सदस्यों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने पीआरडी स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड वितरित किए। इसके साथ ही उन्होंने पीआरडी जवानों के दैनिक ड्यूटी भत्ते को 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन करने की घोषणा की। लखनऊ के सरोजनी नगर क्षेत्र के ग्राम एटर पश्चिम में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास भी किया गया।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि पीआरडी जवान केवल व्यवस्था का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि प्रदेश की शांति, सुरक्षा और जनसेवा की मजबूत रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 1948 में जिस उद्देश्य से प्रांतीय रक्षक दल की स्थापना हुई थी, उसके अनुरूप जवान आज भी समर्पण और निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।

डॉ. तोमर ने बताया कि प्रदेश में करीब 29 हजार पीआरडी जवान विभिन्न जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। थानों से लेकर पुलिस लाइनों तक तथा यातायात व्यवस्था में भी पीआरडी जवान महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने महाकुंभ के दौरान पीआरडी जवानों की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में जवानों ने आयोजन की व्यवस्थाओं में योगदान दिया।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में पीआरडी जवानों की संख्या और व्यवस्था सीमित थी, जबकि वर्तमान सरकार में पीआरडी का बजट बढ़कर करीब 543 करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार पीआरडी परिवार के कल्याण के लिए लगातार योजनाएं संचालित कर रही है।

राज्यमंत्री ने कहा कि ड्यूटी के दौरान दुर्घटना होने अथवा दिव्यांगता की स्थिति में जवानों की सहायता के लिए भी सरकार ने प्रावधान किए हैं। उन्होंने बताया कि जवानों को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने की दिशा में भी कदम उठाए गए हैं। अब कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलने से पीआरडी जवानों और उनके परिवारों को इलाज के दौरान बड़ी राहत मिलेगी।

डॉ. तोमर ने कहा कि पीआरडी की वर्दी प्रदेश में सेवा और जिम्मेदारी की पहचान है। जवानों का समर्पण और सेवाभाव प्रदेश की व्यवस्था को मजबूत करता है। उन्होंने पीआरडी जवानों के हित में योजनाएं शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts