रुड़की में भाई ने दो सगी बहनों को गोलियों से भूना, दोनों की मौत; जीजा भी घायल

रुड़की, 25 अगस्त। हरिद्वार जिले के रुड़की में मंगलवार देर शाम सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी दो सगी बहनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों बहनों की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी ने अपने जीजा को भी गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना गणेशपुर-आजाद नगर पनियाला रोड स्थित माता मंदिर के सामने गली नंबर-5 में हुई। गोलियों की आवाज सुनकर इलाके में दहशत फैल गई। जानकारी के मुताबिक आरोपी विक्की ने अलग-अलग स्थानों पर जाकर वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि पहले उसने गणेशपुर निवासी शकुंतला को गोली मारी। इसके बाद आजाद नगर पहुंचकर दूसरी बहन पुष्पा और जीजा पर फायरिंग कर दी।

गोली लगने से दोनों बहनों की मौत हो गई, जबकि जीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों और परिवार के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

प्रारंभिक तौर पर वारदात के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस को विक्की नाम के युवक द्वारा दो सगी बहनों की हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts