कुलपति ने खिलाड़ियों संग लगाई दौड़, बैडमिंटन भी खेला; विश्वविद्यालय में खेलों से दिया फिटनेस का संदेश
मेरठ। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार सुबह विश्वविद्यालय के खेल परिसर में विभिन्न खेल एवं फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया गया। राज्यपाल के पत्र के क्रम में कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और अधिकारियों में खेल भावना विकसित करने के साथ स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, कर्मचारियों और अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान वाकाथॉन, 100 मीटर दौड़, 400 मीटर दौड़, बैडमिंटन, साइकिल रेस सहित विभिन्न खेल एवं फिटनेस गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला का खिलाड़ियों, कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ वाकाथॉन में शामिल होना रहा। इसके अलावा उन्होंने प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग डॉ. सोमेंद्र तोमर के साथ बैडमिंटन भी खेला।
कुलपति ने स्वयं खेल और फिटनेस गतिविधियों में प्रतिभाग कर विद्यार्थियों तथा विश्वविद्यालय परिवार को नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और मानसिक मजबूती के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित खेल एवं फिटनेस गतिविधियों से विद्यार्थियों और कर्मचारियों में उत्साह का संचार हुआ तथा नियमित खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों के महत्व का संदेश दिया गया।


No comments:
Post a Comment