राष्ट्रीय खेल दिवस पर गूंजा खेल भावना का संदेश
मेजर ध्यानचंद की जयंती पर विद्यालय में वालीबॉल, खो-खो, कबड्डी और दौड़ प्रतियोगिताएं
हापुड़। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सोमवार को डी ए वी स्कूल हापुड़ में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आर्य समाज की महामंत्री रेखा गोयल एवं अमित शर्मा तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. विनीत त्यागी ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने वालीबॉल, खो-खो, कबड्डी और सामूहिक दौड़ सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
छात्रों को बताया खेलों का महत्व
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मेजर ध्यानचंद के जीवन, उनके खेल कौशल और उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी गई। वक्ताओं ने उन्हें भारतीय हॉकी का महान खिलाड़ी बताते हुए विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रेरित किया। कहा गया कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी विकास करते हैं।
प्रधानाचार्य डॉ. विनीत त्यागी ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों को मोबाइल से दूर रखने और उन्हें खेलों से जोड़ने की आवश्यकता है, ताकि उनका शारीरिक एवं मानसिक विकास हो सके और वे अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकें।
वेद सप्ताह का भी हुआ समापन
विद्यालय में चल रहे वेद सप्ताह का समापन भी भाषण प्रतियोगिता के साथ किया गया। प्रतियोगिता का विषय ‘हमारे वेद प्रचारक’ रहा। विद्यार्थियों ने विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रधानाचार्य डॉ. विनीत त्यागी ने कहा कि भारत भूमि उन ऋषियों की ऋणी है, जिन्होंने अपने ज्ञान और तप के माध्यम से वेदों की शिक्षाओं को सरल भाषा में जन-जन तक पहुंचाया। उनके प्रयासों से समाज को वेदों के ज्ञान का लाभ प्राप्त हुआ।



No comments:
Post a Comment