ब्लैक स्पॉट होंगे दुरुस्त, शहर की सड़कें होंगी गड्ढामुक्त
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम डॉ. वीके सिंह ने दिए निर्देश, प्रमुख चौराहों पर लगेंगे सोलर ब्लिंकर्स और कैट्स आई
मेरठ। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने तथा सड़क सुरक्षा के इंतजाम मजबूत करने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने जिले में चिन्हित किए गए ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी सुधार कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा संबंधी कार्य जल्द पूरा कराने को कहा।
शहर की सड़कें होंगी गड्ढामुक्त
डीएम ने शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम, मेरठ विकास प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग को अपने-अपने क्षेत्र की सड़कों का निरीक्षण कर गड्ढों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति दुर्घटनाओं का कारण न बने, इसके लिए संबंधित विभाग नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।
प्रमुख चौराहों पर बढ़ेंगे सुरक्षा इंतजाम
बैठक में प्रमुख मार्गों और चौराहों पर यातायात सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने प्रमुख स्थानों पर आवश्यक साइनेज, सोलर ब्लिंकर्स और कैट्स आई लगाने के निर्देश दिए। इससे रात के समय वाहन चालकों को सड़क और चौराहों की बेहतर जानकारी मिल सकेगी तथा दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी।
डीएम ने संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में आपसी समन्वय बनाकर कार्रवाई करने और कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव, लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता सतेन्द्र सिंह समेत एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग, परिवहन विभाग, मेरठ विकास प्राधिकरण, नगर निगम, रोडवेज, चिकित्सा, आपूर्ति, आबकारी और विद्युत विभाग के अधिकारी तथा समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment